जल बोर्ड की लापरवाही पड़ी भारी, युवक की जान गई; परिजनों ने पुलिस पर भी लगाए आरोप

पश्चिमी दिल्ली के जनकपुरी इलाके में दिल्ली जल बोर्ड की कंस्ट्रक्शन साइट पर खोदे गए करीब 15 फीट गहरे गड्ढे में गिरने से एक बाइक सवार युवक की मौत हो गई। यह हादसा गुरुवार देर रात हुआ। मृतक की पहचान कैलाशपुरी निवासी 25 वर्षीय कमल भयानी के रूप में हुई है, जो एक निजी बैंक के कॉल सेंटर में कार्यरत था।

सुबह करीब 8 बजे PCR कॉल मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस के अनुसार संबंधित गड्ढा दिल्ली जल बोर्ड द्वारा निर्माण कार्य के लिए खोदा गया था और सड़क पिछले कुछ दिनों से बंद थी। मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है।

घटना के बाद कैबिनेट मंत्री परवेश साहिब सिंह वर्मा ने दिल्ली जल बोर्ड के तीन अधिकारियों—एक्जीक्यूटिव इंजीनियर, असिस्टेंट इंजीनियर और जूनियर इंजीनियर—को निलंबित करने की घोषणा की। साथ ही प्रोजेक्ट कंपनी पर कार्रवाई और पीड़ित परिवार को मुआवजा देने की बात कही गई है।

मृतक के परिजनों ने पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए हैं। कमल के जुड़वां भाई करण का कहना है कि वे रात भर उसे तलाशते रहे और 7–8 पुलिस थानों के चक्कर लगाए, लेकिन कहीं मदद नहीं मिली और शिकायत भी दर्ज नहीं की गई। सुबह पुलिस ने फोन उठाकर उसके मौत की सूचना दी। परिजनों ने यह भी आशंका जताई है कि युवक की हत्या कर शव गड्ढे में फेंका गया हो, जिसकी निष्पक्ष जांच की मांग की गई है।

दिल्ली सरकार के मंत्री आशीष सूद ने घटना को बेहद दुखद बताते हुए कहा कि लापरवाही पाए जाने पर जिम्मेदारों को बख्शा नहीं जाएगा। वहीं आम आदमी पार्टी नेता सौरभ भारद्वाज ने सरकार पर लापरवाही और शिकायतों के बावजूद सुरक्षा इंतजाम न करने का आरोप लगाया है।

Related Articles

Back to top button