उत्तराखंड में स्कूटी सवार दो युवकों ने विष्णु गुप्ता पर किया हमला, मारपीट के बाद मौके से फरार

अजमेर दरगाह में शिव मंदिर होने का दावा करते हुए कोर्ट में याचिका दायर करने वाले हिंदू सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष विष्णु गुप्ता पर उत्तराखंड के ऋषिकेश में हमला हुआ है। यह वारदात मंगलवार दोपहर करीब 3 बजे उस समय हुई, जब वे परिवार सहित ऋषिकेश से दिल्ली लौट रहे थे।
जानकारी के मुताबिक, स्कूटी पर सवार दो युवक हाईवे पर पहुंचे और गुप्ता से झगड़ा करने लगे। इसके बाद दोनों ने उन्हें नीचे उतारा और मारपीट शुरू कर दी। हमले में गुप्ता के कान के पास गंभीर चोट आई है, जिसके लिए चार टांके लगाए गए हैं। उन्होंने ऋषिकेश कोतवाली में मामला दर्ज कराया है। पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है।
विष्णु गुप्ता ने बताया कि छुट्टियां मनाने के बाद वह अपनी पत्नी और दो बच्चों के साथ लौट रहे थे, तभी यह हमला हुआ। परिवार के लोग घबराकर गाड़ी में ही बैठे रहे, जबकि हमलावर वारदात के बाद फरार हो गए।
गुप्ता पर इससे पहले भी अजमेर में फायरिंग हो चुकी है, जिसमें वे बाल-बाल बचे थे। फिलहाल उस मामले में आरोपी अभी तक पुलिस गिरफ्त से बाहर है।
बता दें कि विष्णु गुप्ता ने अजमेर सिविल कोर्ट में याचिका दायर कर यह दावा किया था कि अजमेर दरगाह की मूल संरचना संकट मोचन महादेव मंदिर की है। अदालत ने 27 नवंबर 2024 को याचिका स्वीकार कर ली थी, जिसकी अगली सुनवाई 1 नवंबर 2025 को होनी है।





