नगर-निगम ग्रेटर की सभा में बवाल: कांग्रेस पार्षदों ने फाड़ी प्रस्ताव की कॉपी, लगाए नारे

जयपुर नगर निगम ग्रेटर की 8वीं साधारण सभा की बैठक शुक्रवार को हंगामेदार रही। कांग्रेस के पार्षद टेबलों पर चढ़कर नारेबाजी करने लगे और सदन में बोलने नहीं देने से नाराज होकर एक पार्षद ने प्रस्ताव की प्रति फाड़ दी। बैठक का मुख्य एजेंडा जीएसटी रिफॉर्म्स और वन नेशन वन इलेक्शन था, लेकिन करीब 2 घंटे में इसे अनिश्चितकाल के लिए स्थगित कर दिया गया।

नगर निगम मुख्यालय में दोपहर 12.15 बजे शुरू हुई बैठक में विवाद तब बढ़ा, जब कांग्रेस के प्रतिपक्ष नेता राजीव चौधरी ने जीएसटी पर चर्चा के बजाय शहर के विकास पर जोर दिया। इस पर बीजेपी पार्षद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के समर्थन में नारेबाजी करने लगे।

इसके जवाब में कांग्रेस पार्षदों ने ‘वोट चोर गद्दी छोड़’ के नारे लगाए, टेबलों पर चढ़कर हाथों में तख्तियां लहराईं और सदन में हंगामा मचाया। कार्रवाई शुरू होने के बाद भी कांग्रेस पार्षद नाराज रहे, और करण शर्मा ने प्रस्ताव की प्रति फाड़कर सदन छोड़ दिया।

मेयर सौम्या गुर्जर ने दोनों तरफ के हंगामे को देखते हुए बैठक को अनिश्चितकाल के लिए स्थगित कर दिया।

Related Articles

Back to top button