चक्रवात का असर जारी: राजस्थान में कई जिलों में रुक-रुककर हो रही बारिश

अरब सागर में बने चक्रवात का असर अब भी राजस्थान में देखने को मिल रहा है। गुरुवार को राजधानी जयपुर सहित कई जिलों में रुक-रुककर बारिश हुई। मौसम विभाग का कहना है कि नवंबर के शुरुआती सप्ताह तक यह बरसात का दौर जारी रहेगा। इसके साथ ही तापमान में भी गिरावट दर्ज की जाएगी।

पिछले सप्ताह हुई औसत 19.6 मिमी वर्षा
24 से 30 अक्टूबर के दौरान राजस्थान में औसतन 19.6 मिमी बारिश हुई। पूर्वी राजस्थान में हल्की से मध्यम, पश्चिमी राजस्थान में हल्की और दक्षिण-पूर्वी इलाकों में भारी से अति भारी वर्षा दर्ज की गई।

नवंबर में बढ़ेगी ठंड
जयपुर मौसम केंद्र के निदेशक राधेश्याम शर्मा ने बताया कि नवंबर के पहले सप्ताह में राज्य के कुछ हिस्सों में बारिश जारी रह सकती है। 5 नवंबर से मौसम शुष्क रहेगा और न्यूनतम तापमान में 2 से 5 डिग्री तक की गिरावट संभव है।
3 से 4 नवंबर को जोधपुर, जयपुर, बीकानेर, अजमेर, कोटा, उदयपुर और भरतपुर संभाग में बारिश की संभावना बनी रहेगी। इसके बाद दूसरे सप्ताह में उत्तरी राजस्थान में न्यूनतम तापमान 3 डिग्री तक गिर सकता है।

किसानों को हुआ नुकसान
लगातार बारिश से कई जिलों में किसानों को फसलों का नुकसान झेलना पड़ रहा है। खेतों में खड़ी फसलें खराब हो रही हैं।

राजधानी में 8–10 डिग्री की गिरावट
गुरुवार को जयपुर, जोधपुर, अजमेर, कोटा और उदयपुर सहित कई जिलों में तेज बूंदाबांदी हुई, जिससे मौसम ठंडा हो गया। औसतन तापमान में 8 से 10 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई। मौसम विभाग ने कई जिलों में बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है।

राज्यभर में तापमान (बीते 24 घंटे):
अजमेर – 24 / 19.1°C | भीलवाड़ा – 24.6 / 20.4°C | जयपुर – 24.3 / 20.6°C | जोधपुर – 31 / 21.4°C | बीकानेर – 30.8 / 20.6°C | कोटा – 26.6 / 21.6°C | चूरू – 31.6 / 19.8°C | गंगानगर – 31.3 / 19.1°C | जैसलमेर – 24.3 / 20.5°C

Related Articles

Back to top button