हौज रानी-सैदुलाजाब हादसा: CM ने परिवारों को 10 लाख की मदद दी, न्याय का दिलाया भरोसा

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने सोमवार को दिल्ली सचिवालय में सैदुलाजाब भवन ढहने और हौज रानी अग्निकांड के पीड़ित परिवारों से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने मृतकों के परिजनों को 10-10 लाख रुपये की अनुग्रह सहायता राशि प्रदान की और हरसंभव मदद का भरोसा दिया।
मुख्यमंत्री ने हादसों में जान गंवाने वालों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि सरकार इस दुख की घड़ी में पीड़ित परिवारों के साथ मजबूती से खड़ी है। उन्होंने कहा कि इन घटनाओं के लिए जिम्मेदार लोगों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
रेखा गुप्ता ने कहा कि सैदुलाजाब में इमारत ढहने और हौज रानी में हुए अग्निकांड ने पूरे दिल्लीवासियों को झकझोर दिया है। उन्होंने कहा कि इन हादसों में जिन परिवारों ने अपने प्रियजनों को खोया है, उनकी क्षति की भरपाई कभी नहीं की जा सकती।
मुख्यमंत्री ने बताया कि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए सरकार ठोस और प्रभावी कदम उठा रही है। इस अवसर पर मालवीय नगर के विधायक सतीश उपाध्याय और संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे।





