घर में खुशियां बदलीं मातम में: एक बेटी लापता, सदमे से मां की मौत; 15 दिन पहले हुई थी शादी

अलवर के एमआईए थाना क्षेत्र में 17 अप्रैल से लापता 25 वर्षीय महिला की तलाश अब तक पूरी नहीं हो सकी है। महिला तीन छोटे बच्चों को छोड़कर कथित रूप से गांव के एक युवक के साथ चली गई थी। बेटी के लापता होने के सदमे में उसकी 50 वर्षीय मां की शुक्रवार रात मौत हो गई।
शनिवार को अंतिम संस्कार के बाद परिजन और ग्रामीण एमआईए थाने पहुंचे और पुलिस से कार्रवाई की मांग की। परिजनों का कहना है कि महिला की गुमशुदगी की रिपोर्ट 17 अप्रैल को ही दर्ज करा दी गई थी, लेकिन अब तक कोई ठोस सफलता नहीं मिली है। पुलिस ने ग्रामीणों को दो दिन का समय देते हुए महिला को तलाशने का आश्वासन दिया है।
ग्रामीणों के अनुसार महिला के घर छोड़कर जाने के बाद से उसकी मां लगातार मानसिक तनाव में थी। तबीयत बिगड़ने पर उसे इलाज के लिए जयपुर ले जाया गया, जहां शुक्रवार रात उसने दम तोड़ दिया। मृतका के चार बेटियां और एक बेटा हैं। हाल ही में, करीब 15 दिन पहले ही उसकी दूसरी बेटी की शादी हुई थी।
परिजनों का कहना है कि महिला के लापता होने से पूरा परिवार परेशान है। महिला के पति भी तनाव में हैं और परिवार लगातार उसकी तलाश में जुटा हुआ है। पुलिस फिलहाल महिला की खोजबीन कर रही है।





