आंधी के बाद ठंडे हुए हालात: अलवर में पारा 8 डिग्री गिरा, जानिए आगे कैसा रहेगा मौसम

अलवर में शनिवार शाम मौसम ने एक बार फिर करवट ली। करीब 5 बजे जिलेभर में घने बादल छा गए और कई इलाकों में तेज धूलभरी आंधी चली। आंधी के कारण शहर समेत आसपास के क्षेत्रों में धूल का गुबार फैल गया, जिससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। वहीं कुछ स्थानों पर हल्की बारिश और बूंदाबांदी भी दर्ज की गई।

मौसम में आए बदलाव का असर तापमान पर भी दिखा। पिछले दिनों सुबह 10 बजे तक तापमान 39 डिग्री सेल्सियस के आसपास पहुंच रहा था, जबकि शनिवार को इसी समय तापमान करीब 31 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यानी पारे में करीब 8 डिग्री की गिरावट आई, जिससे लोगों को भीषण गर्मी और लू से राहत मिली।

पिछले 10 दिनों से अलवर जिला भीषण गर्मी की चपेट में था। अधिकतम तापमान 46 से 47 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच रहा था और दोपहर के समय सड़कें सूनी नजर आती थीं। लोग गर्मी से बचने के लिए गमछे, तौलिए और छातों का सहारा ले रहे थे।

मौसम विभाग के अनुसार 31 मई को बादल छाए रहने के साथ हल्की बारिश या बूंदाबांदी की संभावना है। 1 जून को आंशिक रूप से बादल छाए रह सकते हैं और तापमान 38 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। वहीं 2 और 3 जून को भी बादलों की आवाजाही बनी रहेगी। 4 जून को गरज-चमक के साथ बारिश और बिजली गिरने की संभावना जताई गई है।

मौसम विभाग का कहना है कि अगले कुछ दिनों तक मौसम में उतार-चढ़ाव बना रहेगा। हालांकि दिन में धूप निकलने से तापमान में कुछ बढ़ोतरी हो सकती है, लेकिन बादल, तेज हवाएं और बारिश की संभावनाओं के चलते लोगों को फिलहाल भीषण गर्मी से राहत मिलने के आसार हैं।

Related Articles

Back to top button