राजभवन में हथियार बांटने के आरोप पर राज्यपाल का कड़ा रुख, माफी न मांगी तो होगी कानूनी कार्रवाई

पश्चिम बंगाल के राज्यपाल सीवी आनंद बोस ने रविवार को टीएमसी सांसद कल्याण बनर्जी के उन आरोपों को पूरी तरह खारिज कर दिया, जिसमें सांसद ने दावा किया था कि राजभवन में हथियार बांटे जाते हैं। राज्यपाल ने इसे आधारहीन बताते हुए चेतावनी दी कि यदि सांसद माफी नहीं मांगते हैं, तो उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

राज्यपाल का बयान

राज्यपाल ने कहा, “जो आरोप लगाए गए हैं, उनके गंभीर परिणाम हो सकते हैं। जब सत्ताधारी पार्टी के सांसद कहते हैं कि राजभवन में हथियार उपलब्ध हैं, तो इसका मतलब है कि उनका अपने ही राज्य की पुलिस पर भरोसा नहीं है। राजभवन में हथियारों को ढूंढने की बात ऐसी है, जैसे कोई अंधेरे कमरे में काली बिल्ली को ढूंढ रहा हो, जो वहां है ही नहीं। राजभवन लोगों के लिए खुला है, सुबह 5 बजे से आम लोग, नागरिक समाज और मीडियाकर्मी आकर देख सकते हैं।”

कानूनी राय ले रहे राज्यपाल

सीवी आनंद बोस ने कहा कि उन्होंने सांसद के आरोपों पर कानूनी सलाह ली है। उन्होंने कहा, “अगर सांसद अपनी कही बात साबित करने में नाकाम रहते हैं, तो उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू की जा सकती है।” राज्यपाल ने यह भी बताया कि वे इस मामले में लोकसभा अध्यक्ष को पत्र लिख रहे हैं।

टीएमसी सांसद के आरोप

कल्याण बनर्जी ने शनिवार को आरोप लगाया था कि राज्यपाल भाजपा के अपराधियों को राजभवन में बुला रहे हैं और उन्हें हथियार दे रहे हैं ताकि वे टीएमसी कार्यकर्ताओं पर हमले कर सकें। उन्होंने कहा, “जब तक राज्यपाल राजभवन में हैं, तब तक बंगाल के साथ कुछ अच्छा नहीं हो सकता।”

Related Articles

Back to top button