Gautam Gambhir ने Arshdeep Singh का किया बचाव, बोले इसमें कुछ भी गलत नहीं

ICC Men’s T20 World Cup 2026 का फाइनल कई मायनों में यादगार रहा, लेकिन मैच के दौरान Arshdeep Singh और Daryl Mitchell के बीच हुआ विवाद भी काफी चर्चा में रहा। अब इस मामले पर भारतीय टीम के मुख्य कोच Gautam Gambhir की प्रतिक्रिया सामने आई है।
मैच के दौरान न्यूजीलैंड की पारी के 11वें ओवर में यह घटना हुई। अर्शदीप सिंह की गेंद पर मिचेल ने डिफेंसिव शॉट खेला, जिसके बाद गेंद बाउंस होकर अर्शदीप के पास पहुंची। फॉलो-थ्रू में अर्शदीप ने विकेट की ओर थ्रो करने की कोशिश की, लेकिन गेंद सीधे मिचेल की जांघ पर जा लगी।
इससे मिचेल नाराज हो गए और उन्होंने मैदान पर अर्शदीप से नाराजगी जाहिर की। स्थिति थोड़ी तनावपूर्ण हो गई, लेकिन Suryakumar Yadav बीच में आकर दोनों खिलाड़ियों को शांत कराया। अंपायरों ने भी मामले को संभालते हुए खिलाड़ियों से बात की।
इस घटना के बाद International Cricket Council (आईसीसी) ने अर्शदीप सिंह को आचार संहिता के लेवल-1 के उल्लंघन का दोषी ठहराया। उन पर मैच फीस का 15 प्रतिशत जुर्माना लगाया गया और उनके अनुशासनात्मक रिकॉर्ड में एक डिमेरिट अंक भी जोड़ा गया।
हालांकि, भारतीय टीम के मुख्य कोच गौतम गंभीर ने इस मामले में अर्शदीप का बचाव किया है। गंभीर ने कहा कि टीम से वह आक्रामकता और जीतने का जज्बा ही चाहते हैं और इसमें कुछ भी गलत नहीं है।
वहीं मैच के बाद अर्शदीप सिंह ने भी इस घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि उन्हें अपनी गलती का एहसास हो गया था और उन्होंने तुरंत मिचेल के पास जाकर उनसे माफी मांगी। उन्होंने बताया कि गेंद फेंकते समय रिवर्स स्विंग हो गई, जिससे थ्रो सीधे मिचेल को लग गया।





