अलवर जिला अस्पताल में आग से हड़कंप: ट्रॉमा सेंटर के ऑब्जर्वेशन वार्ड में फैला धुआं

जयपुर के एसएमएस ट्रॉमा सेंटर में हाल ही में लगी आग के बाद अब अलवर जिला अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर में भी शुक्रवार को अचानक धुआं उठने से हड़कंप मच गया। ऑब्जर्वेशन वार्ड में आग लगने की सूचना पर अफरा-तफरी मच गई।

वार्ड में मौजूद एक ऑपरेटर धुएं के कारण बेहोश हो गया, जिसे तुरंत बाहर निकालकर इमरजेंसी वार्ड में भर्ती कराया गया। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और आग पर नियंत्रण पाया। फायर फाइटर्स सिलेंडर सहित फुल ड्रेस में अस्पताल के अंदर दाखिल हुए और स्थिति संभाली।

हालांकि कुछ देर बाद यह स्पष्ट हुआ कि यह एक फायर मॉकड्रिल थी, जिसके बाद लोगों ने राहत की सांस ली। मॉकड्रिल में नगर निगम, फायर ब्रिगेड और अस्पताल प्रशासन ने संयुक्त रूप से भाग लिया।

असिस्टेंट फायर ऑफिसर जगदीप ने बताया कि दीपावली को देखते हुए हर साल इस तरह की मॉकड्रिल की जाती है ताकि किसी भी आपात स्थिति में लोग सतर्क रह सकें और सही समय पर प्रतिक्रिया दे सकें।

Related Articles

Back to top button