असफल अपहरण: सुरक्षा बलों ने समय रहते कार्रवाई कर मजदूरों को बचाया

अरुणाचल प्रदेश के तिरप जिले में असम राइफल्स ने त्वरित और समन्वित अभियान चलाकर दो मजदूरों को एनएससीएन-के (रिबेल) के कब्जे से सकुशल छुड़ा लिया। यह घटना 18 अक्टूबर को दादम सर्कल के लाहो गांव में हुई थी, जब उग्रवादियों ने निर्माण स्थल से दोनों मजदूरों का अपहरण कर लिया था।
रक्षा सूत्रों के मुताबिक, खुफिया जानकारी मिलते ही असम राइफल्स की टुकड़ियां तुरंत सक्रिय हुईं और नीयानू क्षेत्र में सर्च और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया। तलाशी के दौरान उग्रवादियों ने सुरक्षा बलों पर अंधाधुंध फायरिंग की, लेकिन जवानों ने संयम और पेशेवर दक्षता का परिचय देते हुए जवाबी कार्रवाई की।
नियंत्रित और सटीक प्रतिक्रिया के चलते दोनों मजदूरों को बिना किसी नुकसान के सुरक्षित बाहर निकाला गया। उन्हें चिकित्सीय जांच और आवश्यक सहायता के लिए खोंसा लाया जा रहा है।
सुरक्षा बलों ने बताया कि क्षेत्र में तलाशी और सैनिटाइजेशन अभियान अब भी जारी है, ताकि भागे हुए उग्रवादियों को पकड़ा जा सके और किसी भी संभावित गतिविधि को रोका जा सके।





