वाराणसी दौरे पर योगी, काल भैरव मंदिर में परंपरागत विधि से उतारी गई नजर

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शुक्रवार शाम वाराणसी पहुंचे। दो दिवसीय दौरे के दौरान उन्होंने सबसे पहले काशी विश्वनाथ धाम में दर्शन-पूजन कर जलाभिषेक किया। इसके बाद मुख्यमंत्री ने काल भैरव मंदिर पहुंचकर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की।
मंदिर की परंपरा के अनुसार पुजारियों ने मुख्यमंत्री की नजर उतारी। इस दौरान सरसों का तेल सिर के ऊपर घुमाया गया और काला धागा तीन बार फेरकर बाबा काल भैरव को अर्पित किया गया। पूजा के दौरान मुख्यमंत्री योगी मंत्रोच्चार करते हुए नजर आए।
पूजा-अर्चना के बाद मुख्यमंत्री सर्किट हाउस पहुंचे, जहां उन्होंने लोक निर्माण विभाग (PWD) की विभिन्न परियोजनाओं की समीक्षा की। बैठक में अधिकारियों को निर्माण कार्यों में तेजी लाने, गुणवत्ता बनाए रखने और समयबद्ध तरीके से परियोजनाएं पूरी करने के निर्देश दिए।
अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को बताया कि वाराणसी परिक्षेत्र में 7,175 करोड़ रुपये की लागत से 2,630 परियोजनाओं पर कार्य चल रहा है। इनमें 687 परियोजनाएं पूरी हो चुकी हैं, जबकि 542 परियोजनाएं 90 प्रतिशत तक पूरी हो चुकी हैं।
मुख्यमंत्री ने निर्देश दिया कि बरसात से पहले प्राथमिकता वाली परियोजनाओं को हर हाल में पूरा किया जाए। उन्होंने सड़कों की मरम्मत से पहले विस्तृत सर्वे कराने और जनप्रतिनिधियों के प्रस्तावों को भी कार्ययोजना में शामिल करने को कहा।
बैठक के बाद मुख्यमंत्री चौकाघाट स्थित सांस्कृतिक संकुल पहुंचे, जहां उन्होंने सरकारी योजनाओं और ‘एक जनपद-एक उत्पाद’ (ODOP) से जुड़ी प्रदर्शनी का उद्घाटन किया। उन्होंने विभिन्न स्टॉलों का निरीक्षण किया और स्थानीय उत्पादों की जानकारी ली।
मुख्यमंत्री ने चंदौली में निर्माणाधीन इंटीग्रेटेड कोर्ट कॉम्प्लेक्स और वाराणसी के यूनिटी मॉल परियोजना की भी समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्धारित समय सीमा में कार्य पूरा करने के निर्देश दिए।





