केदारनाथ, बद्रीनाथ और आदि कैलाश में विकास की रफ्तार, पर्यटन को मिला बड़ा बढ़ावा

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पिछले 12 वर्षों में उत्तराखंड के प्रमुख धार्मिक स्थलों के विकास और पुनर्विकास कार्यों ने देवभूमि की तस्वीर बदल दी है। केदारनाथ और बदरीनाथ धाम के मास्टर प्लान से लेकर आदि कैलाश और मानसखंड क्षेत्र के विकास तक, कई महत्वाकांक्षी परियोजनाओं ने राज्य को राष्ट्रीय और वैश्विक आध्यात्मिक पर्यटन मानचित्र पर नई पहचान दिलाई है।

2013 की आपदा के बाद केदारनाथ धाम के पुनर्निर्माण और पुनर्विकास को प्राथमिकता दी गई। केंद्र सरकार की विभिन्न परियोजनाओं के माध्यम से धाम में आधुनिक सुविधाओं का विस्तार किया गया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने स्वयं कई बार केदारनाथ पहुंचकर विकास कार्यों की समीक्षा की। पुनर्विकास के बाद केदारपुरी का स्वरूप पूरी तरह बदल गया है और श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिल रही हैं।

बदरीनाथ धाम में भी मास्टर प्लान के तहत लगभग 255 करोड़ रुपये की लागत से विभिन्न विकास कार्य किए जा रहे हैं। इन परियोजनाओं का उद्देश्य धाम को एक आधुनिक आध्यात्मिक और सांस्कृतिक केंद्र के रूप में विकसित करना है, जहां धार्मिक विरासत के संरक्षण के साथ यात्री सुविधाओं का भी विस्तार हो सके।

चारधाम यात्रा को सुगम बनाने के लिए चारधाम ऑल वेदर रोड परियोजना को गति दी गई है। बेहतर सड़क संपर्क के चलते तीर्थ यात्रियों की यात्रा अधिक सुरक्षित और सुविधाजनक हुई है। इससे स्थानीय व्यापार, पर्यटन और रोजगार के अवसरों में भी वृद्धि हुई है।

केंद्र सरकार ने सोनप्रयाग-केदारनाथ और गोविंदघाट-हेमकुंड साहिब रोपवे परियोजनाओं को भी मंजूरी दी है। इन परियोजनाओं के पूरा होने के बाद बुजुर्ग, महिलाएं और दिव्यांग श्रद्धालु भी आसानी से यात्रा कर सकेंगे।

प्रधानमंत्री मोदी के आदि कैलाश दौरे के बाद पिथौरागढ़ का सीमांत क्षेत्र भी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चर्चा में आया। इसके साथ ही कुमाऊं क्षेत्र के मंदिरों और सांस्कृतिक धरोहरों के विकास के लिए मानसखंड मंदिर माला मिशन शुरू किया गया है। मिशन के तहत प्राचीन मंदिरों को बेहतर सड़क, पर्यटन सुविधाओं और आधुनिक बुनियादी ढांचे से जोड़ा जा रहा है।

राज्य सरकार का कहना है कि इन विकास परियोजनाओं ने न केवल धार्मिक पर्यटन को नई दिशा दी है, बल्कि स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी मजबूती प्रदान की है। आस्था और विकास के इस संगम ने उत्तराखंड को देश के प्रमुख आध्यात्मिक पर्यटन केंद्रों में शामिल कर दिया है।

Related Articles

Back to top button