पत्नी से विवाद की वजह से आरोपी ने दी धमकी, बेंगलुरु मेट्रो स्टेशन पर हाई अलर्ट

बेंगलुरु मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन लिमिटेड (BMRCL) को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद शहर में सुरक्षा अलर्ट बढ़ा दिया गया है। 14 नवंबर की रात करीब 11:30 बजे बीएमआरसीएल को एक धमकी भरा ईमेल मिला, जिसके बाद संस्था ने तुरंत पुलिस को इसकी जानकारी दी। विल्सन गार्डन पुलिस थाने में मामले की FIR दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

ईमेल में तलाकशुदा पत्नी का जिक्र, मेट्रो स्टाफ पर आरोप

मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, धमकी भरे ईमेल में आरोपी ने दावा किया है कि उसकी तलाकशुदा पत्नी को मेट्रो स्टाफ द्वारा प्रताड़ित किया जा रहा है। ईमेल में लिखा है—
“मेरी तलाकशुदा पत्नी को मेट्रो स्टाफ परेशान कर रहे हैं। मैं तुम्हारे एक मेट्रो स्टेशन को बम से उड़ा दूंगा। मुझे आतंकी जैसा महसूस हो रहा है, खासकर कन्नड़ लोगों के प्रति।”

पुलिस अब ईमेल भेजने वाले की पहचान और लोकेशन का पता लगाने में जुटी है। धमकी के बाद बेंगलुरु मेट्रो के सभी स्टेशनों पर सुरक्षा कड़ी कर दी गई है और यात्रियों के सामान की सघन जांच की जा रही है।

हाल में बढ़ी धमकी भरे ईमेल की घटनाएं

पिछले कुछ समय में कर्नाटक में बम धमकी के कई मामले सामने आए हैं। हाल ही में कई स्कूलों, रेलवे स्टेशनों सहित मुख्यमंत्री के आवास तक को उड़ाने की धमकी दी गई थी।

इसी तरह, कुछ दिन पहले तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एम.के. स्टालिन और अभिनेता अजित कुमार, अरविंद स्वामी और खुशबू के घरों पर भी बम होने की धमकी वाला ईमेल भेजा गया था। इस ईमेल के डीजीपी कार्यालय पहुंचते ही तुरंत जांच शुरू की गई थी।

Related Articles

Back to top button