DTL Recruitment 2026: असिस्टेंट मैनेजर बनने का मौका, आवेदन की अंतिम तारीख और योग्यता जानें

दिल्ली ट्रांसको लिमिटेड (DTL) ने असिस्टेंट मैनेजर (ट्रेनी) के 65 पदों पर भर्ती के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी है। भर्ती में इलेक्ट्रिकल के 55, नॉन-इलेक्ट्रिकल के 5 और सिविल इंजीनियरिंग के 5 पद शामिल हैं। इच्छुक और योग्य उम्मीदवार DTL की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं।
इन पदों के लिए संबंधित इंजीनियरिंग विषय में डिग्री होना जरूरी है। उम्मीदवारों के पास GATE 2026 का स्कोर भी होना चाहिए। सामान्य वर्ग के उम्मीदवारों के लिए न्यूनतम 60 प्रतिशत अंक निर्धारित किए गए हैं, जबकि आरक्षित वर्ग के अभ्यर्थियों को नियमानुसार छूट मिलेगी।
भर्ती के लिए अधिकतम आयु सीमा 28 वर्ष रखी गई है। SC/ST उम्मीदवारों को पांच वर्ष और OBC (NCL) उम्मीदवारों को तीन वर्ष की आयु में छूट दी जाएगी। सामान्य, OBC और EWS वर्ग के उम्मीदवारों को 500 रुपये आवेदन शुल्क देना होगा, जबकि SC, ST और PwBD उम्मीदवारों को शुल्क में छूट दी गई है।
ऑनलाइन आवेदन करने के बाद उम्मीदवारों को आवेदन फॉर्म की हार्ड कॉपी के साथ जरूरी दस्तावेज, GATE स्कोरकार्ड और अन्य प्रमाणपत्र स्पीड पोस्ट के जरिए दिल्ली ट्रांसको लिमिटेड के निर्धारित पते पर भेजने होंगे।





