भारत पाक बॉर्डर पर ड्रग्स फैक्ट्री का भंडाफोड़, पुलिसकर्मी के भाई का नाम आया सामने

भारत–पाक बॉर्डर से सटे राजस्थान के बाड़मेर जिले में नशे के कारोबार का बड़ा खुलासा हुआ है। यहां एक पुलिसकर्मी के भाई ने घर से करीब एक किलोमीटर दूर लकड़ी के कारखाने की आड़ में एमडी ड्रग बनाने की फैक्ट्री लगा रखी थी। पुलिस के अनुसार, इस ठिकाने पर करीब 130 करोड़ रुपए की एमडी तैयार की जानी थी, जिसमें से लगभग 80 करोड़ रुपए की ड्रग पहले ही बनाई जा चुकी थी।

ड्रग की सप्लाई के लिए लग्जरी गाड़ियां तैयार रखी गई थीं, लेकिन इससे पहले ही पुलिस ने ठिकाने पर दबिश दे दी। जांच में सामने आया कि मास्टरमाइंड तस्कर पुलिस से बचने के लिए पड़ोसी के घर में रहकर पूरे ऑपरेशन की निगरानी कर रहा था, जबकि पकड़ा गया उसका चचेरा भाई फैक्ट्री की देखरेख कर रहा था। लोगों को शक न हो, इसके लिए पूछने पर दवाइयां बनाने की बात कही जाती थी।

18 दिसंबर की रात बाड़मेर सदर थाना क्षेत्र के आदर्श चवा, करेली नाड़ी इलाके में पुलिस ने कार्रवाई की। इस दौरान करीब 39 किलो 777 ग्राम तैयार एमडी, जिसकी कीमत लगभग 80 करोड़ रुपए आंकी गई है, और करीब 50 करोड़ रुपए के कच्चे केमिकल बरामद किए गए। फैक्ट्री से एमडी बनाने में इस्तेमाल होने वाले केमिकल, मशीनें और अन्य उपकरण भी जब्त किए गए हैं। तैयार एमडी को मकान की छत पर सुखाने के लिए रखा गया था।

मामले में पुलिस ने भैराराम को गिरफ्तार किया है, जबकि इनामी तस्कर मोटाराम समेत दो अन्य आरोपी फरार हैं। पुलिस की अलग-अलग टीमें उनकी तलाश में जुटी हैं। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही पूरे नेटवर्क का खुलासा कर सभी आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।

Related Articles

Back to top button