नीट पेपर लीक पर इस्तीफा मांगने वालों पर भड़के धर्मेंद्र प्रधान, CJP को बताया ‘कॉकरोच जनता पार्टी’

नई दिल्ली। केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) पर तीखा हमला बोलते हुए उसे “दहशतगर्दों की B टीम” करार दिया है। मंगलवार को एक टीवी इंटरव्यू में उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में जनता द्वारा नकारे गए कुछ लोग अब नए रूप में सामने आकर व्यवस्था को कमजोर करने की कोशिश कर रहे हैं।
प्रधान ने कहा कि कुछ संगठन और लोग देश की शिक्षा व्यवस्था को जानबूझकर पटरी से उतारने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि ऐसे लोग उन ताकतों का समर्थन करते हैं जो देश को बांटने की राजनीति करती हैं।
दरअसल, सोशल मीडिया संगठन CJP पिछले चार दिनों से दिल्ली के जंतर-मंतर पर NEET पेपर लीक मामले को लेकर प्रदर्शन कर रहा है। संगठन के संस्थापक अभिजीत दीपके ने शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग की है। 20 जून को प्रदर्शनकारियों ने जंतर-मंतर पर थाली बजाकर “गो-प्रधान-गो” के नारे भी लगाए थे।
इंटरव्यू में प्रधान ने कहा कि शिक्षा माफियाओं और कोचिंग लॉबी पर सरकार की नजर है। उन्होंने कहा कि यदि ऐसे तत्वों पर सख्ती नहीं की गई तो छात्रों के भविष्य को सुरक्षित नहीं रखा जा सकेगा।
राहुल गांधी और कांग्रेस पर निशाना साधते हुए प्रधान ने कहा कि छात्रों की आत्महत्या जैसे संवेदनशील मुद्दों पर राजनीति करना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष ने शिक्षा व्यवस्था में सुधार के लिए कोई सकारात्मक सुझाव नहीं दिया।
शिक्षा मंत्री ने यह भी दावा किया कि CBSE के री-इवैल्यूएशन पोर्टल पर महज दो घंटे में 38 लाख साइबर हमले हुए थे। उन्होंने कहा कि कुछ लोग शिक्षा व्यवस्था में अराजकता फैलाना चाहते हैं, लेकिन सरकार अगले साल से NEET परीक्षा को CBT मोड में कराने की दिशा में काम कर रही है।
गौरतलब है कि 3 मई 2026 को आयोजित NEET-UG परीक्षा के पेपर लीक मामले की जांच सीबीआई कर रही है। अब तक इस मामले में 13 लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है।





