मई में चौथी बार बढ़े CNG के दाम: राजधानी में अब ₹83.09 प्रति किलो बिक रही गैस

ईरान-अमेरिका तनाव के बीच देशभर में CNG की कीमतों में फिर बढ़ोतरी हुई है। इंद्रप्रस्थ गैस लिमिटेड (IGL) ने मंगलवार 26 मई को CNG के दाम ₹2 प्रति किलो बढ़ा दिए हैं। पिछले दो हफ्तों में यह चौथी बार है जब CNG महंगी हुई है।
नई दरों के मुताबिक दिल्ली में अब CNG ₹83.09 प्रति किलो हो गई है, जबकि नोएडा, गाजियाबाद और ग्रेटर नोएडा में इसकी कीमत ₹91.70 प्रति किलो पहुंच गई है। गुरुग्राम में CNG ₹88.12 प्रति किलो बिक रही है।
वहीं पेट्रोल और डीजल के दामों में भी बढ़ोतरी हुई है। 25 मई को तेल कंपनियों ने पेट्रोल ₹2.61 और डीजल ₹2.71 प्रति लीटर महंगा किया था। इसके बाद दिल्ली में पेट्रोल ₹102.12 और डीजल ₹95.20 प्रति लीटर हो गया है।
विशेषज्ञों के मुताबिक अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में तेजी इसकी मुख्य वजह है। ईरान-अमेरिका तनाव के बाद क्रूड ऑयल की कीमतें 70 डॉलर प्रति बैरल से बढ़कर 100 डॉलर के पार पहुंच गई हैं। इससे तेल कंपनियों पर दबाव बढ़ा है।
पेट्रोलियम मंत्रालय के अनुसार सरकारी तेल कंपनियों को हर दिन करीब 600 करोड़ रुपए का घाटा हो रहा है। ऐसे में आने वाले दिनों में पेट्रोल, डीजल और CNG की कीमतों में और बढ़ोतरी की आशंका जताई जा रही है।
ईंधन महंगा होने का असर आम लोगों पर भी पड़ सकता है। ट्रांसपोर्ट महंगा होने से सब्जियां, फल और राशन के दाम बढ़ सकते हैं। वहीं बस, ऑटो और स्कूल वाहनों का किराया भी बढ़ने की संभावना है। किसानों की खेती लागत पर भी असर पड़ेगा।





