देशभर में मौसम का बदला मिजाज: कहीं मानसून की एंट्री, कहीं गर्मी और तूफान से तबाही

देशभर में मौसम का मिजाज लगातार बदल रहा है। ऑल इंडिया रेडियो न्यूज के मुताबिक दक्षिण-पश्चिम मानसून ने मिजोरम के रास्ते देश में एंट्री कर ली है। हालांकि भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने अभी तक इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। बताया जा रहा है कि इस बार मानसून सामान्य समय से 6 दिन पहले मिजोरम पहुंचा है।

वहीं, मानसून अभी भी केरल से करीब 30-35 किलोमीटर दूर अटका हुआ है। केरल, तमिलनाडु और कर्नाटक के तटीय इलाकों में बारिश जारी है, लेकिन आधिकारिक एंट्री का इंतजार बना हुआ है।

दूसरी ओर उत्तर भारत समेत कई राज्यों में भीषण गर्मी और हीटवेव का दौर जारी है। यूपी के बांदा और महाराष्ट्र के ब्रह्मपुरी में लगातार आठवें दिन तापमान 47 डिग्री सेल्सियस से ऊपर दर्ज किया गया। पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, दिल्ली, यूपी, मध्य प्रदेश, गुजरात, महाराष्ट्र और छत्तीसगढ़ समेत कई राज्यों में लू का असर बना हुआ है।

यूपी में देर रात आए आंधी-तूफान और बारिश से जुड़े हादसों में 6 लोगों की मौत हो गई। गोंडा, लखीमपुर, बस्ती, शाहजहांपुर और सीतापुर में तेज हवाओं और खराब मौसम ने जनजीवन प्रभावित किया।

मौसम विभाग ने अगले दो दिनों के लिए कई राज्यों में हीटवेव, आंधी-तूफान और भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। बिहार, असम, मेघालय और केरल में भारी बारिश की संभावना जताई गई है, जबकि राजस्थान, यूपी, दिल्ली, हरियाणा और मध्य प्रदेश में लू चलने की चेतावनी दी गई है।

Related Articles

Back to top button