खेल सुविधाओं को बढ़ावा, आठ शहरों में स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स के लिए बजट स्वीकृत

Yogi Adityanath की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट बैठक में Ayodhya में स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स निर्माण के लिए भूमि हस्तांतरण के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी गई है। यह स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स मुख्यमंत्री वैश्विक नगरोदय योजना के तहत विकसित किया जाएगा।

प्रस्ताव के अनुसार अयोध्या के चक नंबर-4, मोहल्ला वशिष्ठ कुंड, परगना हवेली अवध और तहसील सदर क्षेत्र में स्थित नजूल भूमि के सात गाटा नंबरों की लगभग 2500 वर्गमीटर जमीन अयोध्या नगर निगम को हस्तांतरित की जाएगी। जिलाधिकारी अयोध्या की ओर से नगर आयुक्त के अनुरोध पर यह प्रस्ताव राज्य सरकार को भेजा गया था।

कैबिनेट के निर्णय के मुताबिक यह भूमि कुछ शर्तों और प्रतिबंधों के साथ अयोध्या नगर निगम को निःशुल्क आवंटित की जाएगी। सरकार का उद्देश्य यहां आधुनिक स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स बनाकर खेल सुविधाओं को बढ़ावा देना और स्थानीय युवाओं को बेहतर खेल अवसंरचना उपलब्ध कराना है।

इसके साथ ही कैबिनेट बैठक में मुख्यमंत्री शहरी विस्तारीकरण/नए शहर प्रोत्साहन योजना के तहत प्रदेश के आठ शहरों के विकास के लिए 425 करोड़ रुपये की धनराशि मंजूर की गई है। इस योजना का उद्देश्य तेजी से बढ़ती शहरी आबादी को ध्यान में रखते हुए नए शहरों का सुनियोजित विकास करना और बेहतर आवासीय सुविधाएं उपलब्ध कराना है।

कैबिनेट के फैसले के अनुसार बरेली, वाराणसी, उरई, चित्रकूट, बांदा, प्रतापगढ़, गाजीपुर और मऊ में नए शहरों के समग्र विकास के लिए यह धनराशि सीड कैपिटल के रूप में जारी की जाएगी। योजना के तहत भूमि अधिग्रहण की लागत का अधिकतम 50 प्रतिशत तक राज्य सरकार सीड कैपिटल के रूप में उपलब्ध कराएगी, जिसकी अवधि अधिकतम 20 वर्ष तक होगी।

Related Articles

Back to top button