विस्फोट मामले में बड़ा अपडेट: शुरुआती रिपोर्ट से सुराग, लेकिन कारण अभी स्पष्ट नहीं

गृह मंत्रालय के संयुक्त सचिव (जम्मू-कश्मीर प्रभाग) प्रशांत लोखंडे ने बताया कि धमाके से पुलिस स्टेशन भवन तथा आसपास की कई संरचनाओं को भारी नुकसान पहुंचा है। उन्होंने कहा कि विस्फोट के कारणों की जांच जारी है और किसी भी तरह की अटकलों से बचने की अपील की।
मंत्रालय के अनुसार, घटना गुरुवार रात करीब 11:20 बजे पुलिस स्टेशन परिसर में तब हुई, जब आतंकी मॉड्यूल की जांच के दौरान बरामद किए गए विस्फोटक पदार्थों और रसायनों के सैंपलिंग की प्रक्रिया चल रही थी। बरामद विस्फोटकों को फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा जाना था।
प्रशांत लोखंडे ने बताया कि हरियाणा के फरीदाबाद से जब्त किए गए विस्फोटक अत्यंत संवेदनशील प्रकृति के थे, इसलिए सैंपलिंग के दौरान अतिरिक्त सावधानी बरती जा रही थी। इसी प्रक्रिया के दौरान अचानक विस्फोट हो गया, जिसमें कई लोगों की जान चली गई।
उन्होंने कहा कि घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया और उनकी हालत पर लगातार नजर रखी जा रही है।
गृह मंत्रालय ने कहा कि सरकार इस दुखद घटना में जान गंवाने वालों के परिजनों के साथ पूरी एकजुटता से खड़ी है।





