सोनम वांगचुक की बिगड़ती सेहत के बीच राकेश टिकैत का ऐलान, बोले- आंदोलन में हरसंभव साथ देंगे

जंतर-मंतर पर चल रहे सीजेपी के प्रदर्शन का गुरुवार को 27वां दिन रहा। सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक 19 दिनों से भूख हड़ताल पर हैं और उनकी सेहत लगातार बिगड़ रही है। डॉक्टरों ने उन्हें 24 घंटे निगरानी में रखा है। इस बीच आंदोलन को राजनीतिक दलों, किसान संगठनों और फिल्मी हस्तियों का समर्थन भी मिलने लगा है।

गुरुवार को अरविंद केजरीवाल, डिंपल यादव और भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत जंतर-मंतर पहुंचे और वांगचुक से मुलाकात कर अपना समर्थन जताया।

राकेश टिकैत ने कहा कि किसानों के ट्रैक्टर और ट्रॉलियां तैयार हैं। उन्होंने दावा किया कि 20 जुलाई को जंतर-मंतर पर बड़ी संख्या में किसान पहुंचेंगे और युवा-किसान मिलकर लोकतांत्रिक तरीके से अपनी आवाज बुलंद करेंगे।

वहीं, डिंपल यादव ने कहा कि सोनम वांगचुक और अनशन पर बैठे छात्रों का संघर्ष युवाओं के भविष्य से जुड़ा है। उन्होंने विपक्षी दलों, छात्रों और युवाओं से 20 जुलाई को प्रस्तावित संसद मार्च में शामिल होने की अपील की।

डॉक्टरों के मुताबिक, लगातार उपवास के कारण सोनम वांगचुक का वजन 56.90 किलोग्राम रह गया है और भूख हड़ताल शुरू होने के बाद से उनका वजन 9 किलो से अधिक घट चुका है। हालांकि उनका ब्लड प्रेशर, ऑक्सीजन स्तर और ब्लड शुगर फिलहाल नियंत्रण में है, लेकिन लंबे उपवास के कारण शरीर काफी कमजोर हो गया है। इसी वजह से उन्हें लगातार मेडिकल निगरानी में रखा गया है।

उधर, बॉलीवुड की कई हस्तियों ने भी सोशल मीडिया के जरिए सोनम वांगचुक के स्वास्थ्य को लेकर चिंता जताई है और सरकार से आंदोलनकारियों के साथ बातचीत शुरू करने की अपील की है।

Related Articles

Back to top button