केंद्र की मंजूरी के बाद बड़ा फैसला: इस्लामपुर की पहचान अब ईश्वरपुर के नाम से होगी

राज्य सरकार ने सोमवार को गजट अधिसूचना जारी कर नाम परिवर्तन की औपचारिक घोषणा की। इसके साथ ही इस्लामपुर नगर परिषद का नाम भी बदलकर ‘उरूण नगर परिषद’ कर दिया गया है।
राज्य सरकार के प्रस्ताव को पहले केंद्रीय गृह मंत्रालय से मंजूरी मिली थी, जिसके बाद यह निर्णय लागू किया गया। स्थानीय लोगों की यह लंबे समय से चली आ रही मांग थी कि शहर का नाम उसकी ऐतिहासिक और सांस्कृतिक पहचान के अनुरूप बदला जाए।
सरकार के इस फैसले का इस्लामपुर (अब ईश्वरपुर) में स्वागत किया जा रहा है। कई संगठनों और नागरिकों ने इसे “स्थानीय आस्था और परंपरा से जुड़ा निर्णय” बताया है। वहीं, कुछ लोगों का कहना है कि नाम बदलने के साथ शहर के विकास पर भी उतना ही ध्यान दिया जाना चाहिए।





