यूपी चुनाव से पहले सपा की रणनीति में बदलाव? नए चेहरों को मौका, सीट बंटवारे पर अखिलेश ने कही बड़ी बात

समाजवादी पार्टी में शनिवार को कई नेताओं ने सदस्यता ग्रहण की। इस मौके पर सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने भ्रष्टाचार, अधिकारियों की तैनाती और सरकार की नीतियों को लेकर सवाल उठाए। अखिलेश ने कहा कि भाजपा आज सबसे बड़ा संकट है और उसे सत्ता से हटाने पर ही संकट दूर होगा। साथ ही उन्होंने सपा सरकार बनने पर अग्निवीर योजना समाप्त करने का वादा किया।
सपा में शामिल होने वालों में अनिल कसाना, उत्पल राय, पूर्व मंत्री अवधेश चौहान, विनय प्रताप, वीरेंद्र, अदनान अशरफ खान और महेश कुमार बबलू शामिल हैं। अखिलेश यादव ने पार्टी में शामिल हुए नेताओं को भरोसा दिलाया कि समाजवादी पार्टी उनके साथ खड़ी रहेगी और भाजपा उनके साथ अन्याय नहीं कर सकती।
भाजपा पर साधा निशाना, बोले- सत्ता से हटने पर ही संकट दूर होगा
अखिलेश यादव ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि आज के समय में भाजपा सबसे बड़ा संकट है। भाजपा के लोगों को लग रहा है कि कमल मुरझा गया है, इसलिए अब वे राधे-राधे कहने लगे हैं। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी में शामिल होने वाले नेताओं को भरोसा दिलाते हैं कि पार्टी उनका पूरा साथ देगी।
अखिलेश ने कहा कि सपा सरकार बनने पर अग्निवीर योजना समाप्त की जाएगी। पार्टी की वेबसाइट पर जनता की ओर से दिए जा रहे सुझावों पर भी काम किया जाएगा।
10 साल से एक कुर्सी पर बैठे अधिकारियों को हटाने की मांग
सपा अध्यक्ष ने भाजपा सरकार पर अधिकारियों को सत्ता के दबाव में काम कराने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि जो अधिकारी पिछले 10 वर्षों से एक ही कुर्सी पर बैठे हैं, उन्हें हटाने के लिए सभी विधायकों के हस्ताक्षर से ज्ञापन दिया जाएगा।
अखिलेश यादव ने भाजपा की ओर से 1.27 करोड़ हिंदुओं के वोट कटने संबंधी बयान पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग के दबाव के बाद अब इस तरह के बयान नहीं आ रहे हैं। उन्होंने सवाल किया कि भाजपा को यह जानकारी कहां से मिली थी।
इस दौरान अखिलेश यादव ने ‘लाठी हारेगी, लैपटॉप जीतेगा’ का नारा दिया और इससे जुड़ा एक नया वीडियो भी दिखाया।
बूथ जीतेंगे तभी सरकार बनेगी
अखिलेश यादव ने बूथ स्तर पर संगठन मजबूत करने पर जोर दिया। उन्होंने बूथ स्तर के नेताओं से मतदाता सूची में अधिक से अधिक लोगों के नाम जुड़वाने की अपील की। उन्होंने कहा कि बूथ जीतेंगे तभी सरकार बनेगी। उत्तर प्रदेश की जनता तैयार है और जिस दिन चुनाव घोषित होगा, भाजपा चुनाव हार जाएगी।
उन्होंने भाजपा सरकार पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाते हुए कहा कि उसकी अधिकतर योजनाओं में भ्रष्टाचार हुआ है। अखिलेश ने कहा कि भाजपा सरकार भ्रष्टाचार की मास्टर है। उन्होंने दावा किया कि पीडीए अब केवल राजनीतिक नारा नहीं, बल्कि भावनात्मक मुद्दा बन चुका है।
कांग्रेस से सीट बंटवारे पर बोले अखिलेश- बात जीत की है
कांग्रेस के साथ सीटों के बंटवारे को लेकर अखिलेश यादव ने कहा कि अभी भी ऐसी सीटें हैं, जहां कांग्रेस जीत सकती है। बैठक में इस पर चर्चा होगी। उन्होंने कहा कि गठबंधन में सीटों की संख्या से ज्यादा जीतने की संभावना महत्वपूर्ण होगी।
अखिलेश यादव ने कहा कि बात सीटों के बंटवारे की नहीं, बल्कि जीत की है। जो जहां जीत सकता है, सीट उसके हिस्से में जाएगी। गठबंधन में चुनावी रणनीति इसी आधार पर तय की जाएगी।





