कुंडा में बाबा बागेश्वर का दिव्य दरबार: छह लोगों की अर्जियां सुनीं, समस्याओं के समाधान और आशीर्वाद दिए

कुंडा के बेंती राजभवन में शुक्रवार को आयोजित दिव्य दरबार में बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर आचार्य धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने कहा कि दिव्य दरबार चमत्कार दिखाने का माध्यम नहीं, बल्कि सनातनियों को हनुमान जी से जोड़ने का प्रयास है। उन्होंने कहा कि दरबार लगाने का उद्देश्य अंधविश्वास फैलाना नहीं, बल्कि लोगों को भगवान हनुमान की भक्ति से जोड़ना है।

दिव्य दरबार के दौरान छह लोगों ने अपनी अर्जियां लगाईं। धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने उनके पर्चे खोलकर समस्याओं के बारे में बताया और अपने अंदाज में समाधान व आशीर्वाद दिए। किसी ने बेटे की आदतों को लेकर चिंता जताई तो किसी ने बहन की शादी न होने की समस्या बताई।
हनुमान जी की पूजा के बाद लगाया दिव्य दरबार
धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने संन्यासी बाबा का स्मरण करते हुए शुक्रवार दोपहर करीब 12 बजे दिव्य दरबार लगाया। इससे पहले उन्होंने कुंडा विधायक रघुराज प्रताप सिंह उर्फ राजा भैया के साथ हनुमान जी की पूजा की।

उन्होंने कहा कि दिव्य दरबार का उद्देश्य सनातनियों को हनुमान जी से जोड़ना है। उन्होंने दावा किया कि यदि दूसरे लोग नकली चमत्कार दिखाकर हिंदुओं को प्रभावित कर सकते हैं तो हनुमान जी की कृपा से वास्तविक चमत्कारों के माध्यम से लोगों को सनातन धर्म से जोड़ने का प्रयास क्यों नहीं किया जा सकता।

धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने कहा कि सिद्धियां आदिकाल से चली आ रही हैं। कई महान संतों को सिद्धियां प्राप्त थीं। उन्होंने संत देवरहा बाबा और बाबा नीम करौरी का उल्लेख करते हुए कहा कि उन्हें भी सिद्धियां प्राप्त थीं। उन्होंने अपने दादा गुरु के पास भी सिद्धियां होने का दावा किया और कहा कि वे कहीं भी बैठे व्यक्ति के मन की बात सुन लेते थे।
बीमारी का इलाज दवा से ही होना चाहिए
धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने स्वास्थ्य और उपचार को लेकर कहा कि जिस बीमारी का इलाज दवा से होना है, उसे दवा से ही ठीक किया जाना चाहिए। इसी उद्देश्य से कैंसर अस्पताल बनवाया जा रहा है। उन्होंने भगवान हनुमान के संजीवनी लाने के प्रसंग का भी उल्लेख किया।
बेटे की शैतानी से परेशान पिता को दिया आशीर्वाद
दरबार में कुंडा के अहिबरनपुर निवासी पंचायत सचिव राजकुमार मिश्रा पत्नी के साथ पहुंचे। उन्होंने बेटे की शैतानी को लेकर अर्जी लगाई थी। धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने पर्चा खोलते हुए कहा कि अब बेटे की वजह से उनकी नाक नहीं कटेगी और उसे सद्बुद्धि प्राप्त होगी। उन्होंने पूजा कराने की सलाह भी दी।
पहली पत्नी को लेकर किया दावा
कन्नौज से आए अरविंद कुमार भी पत्नी के साथ दिव्य दरबार में पहुंचे। धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने पर्चा खोलते हुए उनकी पहली पत्नी को लेकर दावा किया कि वह किन्नर थी और उसने जादू-टोने के साथ मुकदमा किया है।
बहन की शादी में टीवी और बाइक देने का आश्वासन
लालगंज से मां और बहन के साथ पहुंचीं पिंकी की अर्जी पर धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने कहा कि परिवार के लोग शारीरिक कष्ट से परेशान हैं और बहन की शादी नहीं हो पा रही है। उन्होंने धाम की भभूति लेने की सलाह दी। साथ ही बहन की शादी में बागेश्वर धाम पीठ की ओर से टीवी और बाइक देने का आश्वासन दिया।
आठ बार पेशी के बाद लगी अर्जी, बाबा ने पहनाया सेहरा
दरबार में राजेंद्र नाम के व्यक्ति ने आठ बार पेशी के बाद अर्जी लगाई। उन्होंने मजाकिया अंदाज में कहा कि बाबा, जब तक आप शादी नहीं करेंगे, तब तक वह भी शादी नहीं करेंगे। इस पर धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने उनकी शादी जल्द होने का आशीर्वाद दिया और सिर पर सेहरा पहनाया। इस दौरान दरबार में मौजूद लोग हंस पड़े।

Related Articles

Back to top button