यूपी में नकली दवाओं की सप्लाई पर अलर्ट: तीन राज्यों से पहुंच रही फर्जी दवाएं, अब तक करोड़ों का माल सीज

उत्तर प्रदेश में नकली दवाओं की सप्लाई का नेटवर्क लगातार सामने आ रहा है। नकली दवा कारोबारी यूपी को खपत के लिए मुफीद मान रहे हैं। उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और मध्य प्रदेश से नकली और काउंटरफिट दवाओं की सप्लाई प्रदेश में की जा रही है। खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन (एफएसडीए) ने अब तक 7.57 करोड़ रुपये की दवाएं सीज की हैं और इस मामले में 24 एफआईआर दर्ज कराई गई हैं।
प्रदेश में नकली दवाओं के नेटवर्क को तोड़ने के लिए एफएसडीए लगातार कार्रवाई कर रहा है। जांच में नामी कंपनियों के ब्रांड की पैकिंग और लेबल की नकल कर नकली दवाएं तैयार करने और बाजार में बेचने के मामले सामने आए हैं।
अमरोहा में नकली मिली मैक्सीफीट सीवी 625
अमरोहा के चौधरपुर स्थित मैसर्स आरबी मेडिकल स्टोर से 12 जून 2026 को मैक्सीफीट सीवी 625 टैबलेट के बैच नंबर टीबी 250343 सी का नमूना लिया गया था। जांच में यह दवा नकली पाई गई। इसके वास्तविक निर्माता मैसर्स पोलिस्टर पावर इंडस्ट्रीज और मार्केटर मैसर्स हेल्थप्राइड से भी बैच की पुष्टि कराई गई। दोनों कंपनियों ने संबंधित बैच के नकली होने की पुष्टि की।
विभागीय जांच में सामने आया कि आरोपियों ने अमरोहा और मुरादाबाद में एक ही नाम और साझेदारी के तहत आठ अलग-अलग औषधि फर्मों के लाइसेंस ले रखे थे। निरीक्षण के दौरान मैसर्स एरिबा फार्मास्युटिकल्स के पार्टनर अमित कुमार ने आसिफ से नकली दवा प्राप्त कर उसका वितरण किया था।
इस मामले में औषधि निरीक्षक की तहरीर पर मुरादाबाद के सिविल लाइंस थाने में अमित कुमार, आसिफ, वासिफ और अन्य के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई गई। पुलिस ने मामले में रविंदर, शिवम और आसिफ को गिरफ्तार किया है।
30 से अधिक ब्रांड की पैकिंग और लेबल की नकल
विभागीय कार्रवाई में सामने आया है कि नकली दवाओं के कारोबार में नामी दवा कंपनियों की पैकिंग और लेबल की नकल कर उत्पाद तैयार किए जा रहे थे। इसमें ग्लेनमार्क की टेल्मा, एबॉट की केनोकॉर्ट इंजेक्शन, एरिस्टो फार्मा की पैनटॉप 40, एल्केम की क्लैवम और पैन डी, ग्लैक्सो की ऑग्मेंटिन 625, मैनकाइंड की गुडसेफ, टोरेंट की शायमोरल फोर्ट, मैक्लोड्स की डेफकोर्ट-6, डॉ. रेड्डीज की राजो-डी, सन फार्मा की रोसुवास, इंटास की लेवेरा 500, जाइडस की लिपाग्लिन और स्टैडमेड की अलकासोल सिरप जैसे ब्रांड शामिल हैं।
इसके अलावा प्रेगैबलिन कैप्सूल के प्रेसिज-300 और नेरूरो-300, सी-ए जेड, ए-साइपेक्स-625, क्लैविन 625, क्लेव-625, सेफ-200एलबी, एल्केमॉक्स-सीवी, ओबेफिक्स एलबी-200, जेडी-200-एलबी, वी-क्लेव 625 और जीरोडाल-एसपी समेत कई उत्पादों के नकली या काउंटरफिट होने के मामले भी विभागीय कार्रवाई में सामने आए हैं।
निर्माण स्रोत तक पहुंचने में जुटा विभाग
यूपीएफएसडीए की जांच का अगला चरण नकली दवाओं के वास्तविक निर्माण स्रोत तक पहुंचना है। विभाग सप्लाई चेन में शामिल सभी स्तरों की भूमिका की पड़ताल कर रहा है। जांच के जरिए यह पता लगाया जा रहा है कि नकली दवाओं का निर्माण कहां हुआ, उनकी पैकिंग और लेबलिंग किसने की और किन फर्मों के जरिए इन्हें बाजार में पहुंचाया गया।
इसके साथ ही अवैध कारोबार में शामिल विक्रेताओं के औषधि लाइसेंस निरस्त करने की प्रक्रिया भी शुरू की गई है।
नकली दवाओं के नेटवर्क को खत्म करने की तैयारी
यूपीएफएसडीए की सचिव एवं आयुक्त डॉ. रोशन जैकब ने कहा कि प्रदेश में नकली दवाओं की बिक्री नहीं होने दी जाएगी। कार्रवाई केवल नकली दवाओं की जब्ती और आरोपियों की गिरफ्तारी तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि पूरे नेटवर्क के मूल निर्माण स्रोत से लेकर सप्लाई चेन की अंतिम कड़ी तक पहुंचकर इसे समाप्त किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि नकली दवाओं के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए विभाग लगातार कार्रवाई कर रहा है।





