गोरखपुर में सीएम योगी का बयान: युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ करने वालों को बख्शेंगे नहीं, रील से ज्यादा करिअर पर ध्यान दें

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि युवाओं के भविष्य और उनके करिअर से खिलवाड़ करने वालों को सरकार बख्शेगी नहीं। ऐसे लोगों का करिअर तबाह कर दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि 2017 से पहले उत्तर प्रदेश में सरकारी भर्तियों पर मुन्ना भाई और सैफई सिंडिकेट का दबदबा था। नौजवानों की नौकरियों पर डकैती डाली जाती थी, लेकिन अब प्रदेश में पारदर्शी तरीके से तेजी से भर्तियां हो रही हैं।

मुख्यमंत्री शुक्रवार को गोरखपुर के चंपा देवी पार्क में स्वामी विवेकानंद युवा सशक्तीकरण योजना के दूसरे चरण के तहत आयोजित टैबलेट वितरण समारोह को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान गोरखपुर मंडल के 50 हजार विद्यार्थियों को टैबलेट वितरित किए गए। इनमें गोरखपुर के 35 हजार और देवरिया, कुशीनगर व महराजगंज के पांच-पांच हजार विद्यार्थी शामिल हैं। मुख्यमंत्री ने मंच से 23 विद्यार्थियों को अपने हाथों से टैबलेट दिए।
साढ़े नौ साल में करीब पौने दस लाख युवाओं को मिली सरकारी नौकरी
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सरकारी नौकरियों को लेकर समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार में साढ़े नौ वर्षों में करीब पौने दस लाख युवाओं को पारदर्शी तरीके से सरकारी नौकरी मिली है। कृषि, स्वास्थ्य, शिक्षा, पंचायती राज, पुलिस और राजस्व विभाग में हजारों युवाओं को नियुक्ति पत्र दिए गए हैं।

मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि 8,000 लेखपालों की भर्ती प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। अगले एक सप्ताह में उन्हें नियुक्ति पत्र दिए जाएंगे। वहीं, 32 हजार पुलिसकर्मियों की भर्ती का सत्यापन अंतिम चरण में है। इन्हें नवंबर के अंत या दिसंबर के पहले सप्ताह तक नियुक्ति पत्र मिल सकते हैं। इसके अलावा 42 हजार से अधिक होमगार्डों की भर्ती प्रक्रिया भी पूरी हो चुकी है।

उन्होंने कहा कि नकल माफिया और पेपर लीक करने वालों के खिलाफ सरकार ने सख्त कानून बनाया है। इसमें आजीवन कारावास, एक करोड़ रुपये तक जुर्माना और पैतृक संपत्ति जब्त करने का प्रावधान है।
टैबलेट को बताया चलती-फिरती यूनिवर्सिटी
मुख्यमंत्री ने कहा कि युवाओं को तकनीक से जोड़ने के लिए सरकार लगातार काम कर रही है। स्वामी विवेकानंद युवा सशक्तीकरण योजना के दूसरे चरण में 25 लाख युवाओं को टैबलेट देने का लक्ष्य है। उन्होंने बताया कि टैबलेट में इंफोसिस के सहयोग से 18 हजार से अधिक मुफ्त कोर्स उपलब्ध कराए गए हैं।

युवा साथी ऐप के माध्यम से मुद्रा योजना, मुख्यमंत्री युवा योजना, छात्रवृत्ति और इंटर्नशिप समेत केंद्र और प्रदेश सरकार की योजनाओं की जानकारी भी मिलेगी।

मुख्यमंत्री ने युवाओं को सोशल मीडिया के इस्तेमाल में सावधानी बरतने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि तकनीक का उपयोग करें, लेकिन उसे खुद पर हावी न होने दें। हर वायरल कंटेंट सच नहीं होता, इसलिए कुछ भी साझा करने से पहले तथ्यों की जांच जरूर करें।

उन्होंने कहा, “रील पर बेशक 30 सेकंड दीजिए, लेकिन अपनी स्किलिंग के लिए 30 मिनट से तीन घंटे का समय जरूर निकालिए। फीड नहीं, बल्कि अपना फ्यूचर स्क्रॉल कीजिए।”
आर्यवर्धन की मौत पर जताया आक्रोश, सपा को घेरा
मुख्यमंत्री ने चौरीचौरा के 14 वर्षीय छात्र आर्यवर्धन सिंह की मौत का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने आरोप लगाया कि बुधवार को अपनी छोटी बहन को केंद्रीय विद्यालय से लेने जा रहे दसवीं के छात्र को समाजवादी पार्टी के रोड शो के दौरान निकले जुलूस ने रौंद दिया।

उन्होंने बताया कि आर्यवर्धन ऐतिहासिक चौरीचौरा आंदोलन के क्रांतिकारी शिव पूजन सिंह के परिवार से था। सीएम योगी ने कहा कि प्रदेश में अराजकता और गुंडागर्दी किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं की जाएगी। कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी।

उन्होंने कहा कि माफिया के सामने नाक रगड़ने वाले लोग चुनाव हारने के बाद शांत हो जाते हैं और चुनाव नजदीक आते ही फिर सक्रिय हो जाते हैं।
नशे के कारोबारियों के खिलाफ चलेगा अभियान
मुख्यमंत्री ने कहा कि माफिया और संगठित अपराध के खिलाफ कार्रवाई के बाद अब सरकार नशे के सौदागरों के विरुद्ध सख्त अभियान शुरू करने जा रही है। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहने और अपनी ऊर्जा शिक्षा, कौशल और रोजगार में लगाने की अपील की।
तीन गुना हुई यूपी की अर्थव्यवस्था
मुख्यमंत्री ने प्रदेश की आर्थिक प्रगति का जिक्र करते हुए कहा कि 2016-17 में उत्तर प्रदेश की अर्थव्यवस्था करीब 12 लाख करोड़ रुपये थी, जो अब बढ़कर 36 लाख करोड़ रुपये हो गई है। प्रति व्यक्ति आय और प्रदेश के बजट में भी तीन गुना वृद्धि हुई है।

उन्होंने कहा कि प्रदेश में 50 लाख करोड़ रुपये के निवेश प्रस्तावों के माध्यम से करीब 65 लाख युवाओं के लिए रोजगार के अवसर तैयार हुए हैं। गोरखपुर के गीडा में 2017 के बाद से करीब 20 हजार करोड़ रुपये का निवेश आया है। इससे पूर्वांचल के युवाओं को रोजगार के अवसर मिले हैं। प्रदेश में स्टार्टअप की संख्या भी 120 से बढ़कर 25 हजार से अधिक हो गई है।
हर जिले में बनेगा स्किलिंग एंड एंप्लॉयमेंट जोन
मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि प्रदेश के प्रत्येक जिले में लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल स्किलिंग एंड एंप्लॉयमेंट जोन स्थापित किया जाएगा। यहां आठवीं पास से लेकर स्नातक तक के युवाओं को उद्योगों की जरूरत के अनुसार प्रशिक्षण दिया जाएगा। जापान और जर्मनी में रोजगार पाने के इच्छुक युवाओं को संबंधित देशों की भाषा और जरूरी कौशल का प्रशिक्षण भी दिया जाएगा।

उन्होंने कहा कि युवाओं को स्वरोजगार के लिए पांच लाख रुपये तक का ब्याजमुक्त और गारंटीमुक्त ऋण उपलब्ध कराया जा रहा है। स्टार्टअप को बढ़ावा देने के लिए एक हजार करोड़ रुपये का फंड ऑफ फंड्स बनाया गया है। प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए प्रत्येक जिले में अभ्युदय कोचिंग की सुविधा भी उपलब्ध है।
मतदाता बनना और मतदान करना राष्ट्रीय कर्तव्य
मुख्यमंत्री ने युवाओं से मतदाता सूची के पुनरीक्षण और जनगणना 2027 में भागीदारी की अपील की। उन्होंने कहा कि एक जनवरी 2027 तक 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले युवाओं में से बड़ी संख्या के नाम अभी मतदाता सूची में जुड़ने बाकी हैं।

इसके लिए फॉर्म छह के माध्यम से नया नाम जुड़वाया जा सकता है। गलत नाम हटाने के लिए फॉर्म सात और पते या अन्य विवरण में बदलाव के लिए फॉर्म आठ का इस्तेमाल किया जा सकता है।
पहले की सरकार में कट्टा, भाजपा सरकार में टैबलेट: रविकिशन
कार्यक्रम में सांसद रविकिशन शुक्ल ने कहा कि पहले की सरकारों में युवाओं के हाथों में कट्टा दिया जाता था, जबकि आज भाजपा सरकार उन्हें टैबलेट दे रही है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में युवाओं को तकनीक और शिक्षा से जोड़ने का काम किया जा रहा है।

केंद्रीय ग्रामीण विकास राज्यमंत्री कमलेश पासवान ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश में विकास, शिक्षा और रोजगार के क्षेत्र में बदलाव आया है। कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने कहा कि टैबलेट वितरण प्रधानमंत्री के डिजिटल इंडिया अभियान को आगे बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

कार्यक्रम में मंत्री संजय निषाद, महापौर डॉ. मंगलेश श्रीवास्तव, एमएलसी डॉ. धर्मेंद्र सिंह, विधायकगण, भाजपा पदाधिकारी और प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे। कार्यक्रम से पहले मुख्यमंत्री विद्यार्थियों के बीच पहुंचे और उनके साथ सेल्फी लेकर उनका उत्साह बढ़ाया।

Related Articles

Back to top button