राजनीति के बाद टीवी की दुनिया में शशि थरूर की एंट्री, रामायण पर आधारित सीरीज की होस्टिंग करेंगे

राजनेता और लेखक शशि थरूर जल्द ही टीवी होस्ट के तौर पर अपनी नई पारी शुरू करने जा रहे हैं। वह डिस्कवरी की आगामी डॉक्यूमेंट्री सीरीज ‘इतिहास: रामायण बियॉन्ड बॉर्डर्स’ को होस्ट करते नजर आएंगे। इस सीरीज का प्रोमो भी जारी कर दिया गया है, जिसमें रामायण की वैश्विक यात्रा और विभिन्न देशों में इसके सांस्कृतिक प्रभाव की झलक दिखाई गई है।

शशि थरूर अपनी प्रभावशाली अंग्रेजी और संवाद शैली के लिए सोशल मीडिया पर भी काफी लोकप्रिय हैं। अब वह टीवी पर एक नई भूमिका में नजर आएंगे। चार एपिसोड की इस डॉक्यूमेंट्री सीरीज के जरिए रामायण की उस यात्रा को दिखाया जाएगा, जो सदियों के दौरान भारत से निकलकर एशिया के विभिन्न देशों तक पहुंची।

रामायण के अलग-अलग सांस्कृतिक रूपों को दिखाएगी सीरीज

‘इतिहास: रामायण बियॉन्ड बॉर्डर्स’ में भगवान राम, सीता, हनुमान और रावण जैसे प्रमुख पात्रों के जरिए रामायण के अलग-अलग सांस्कृतिक रूपों को समझने की कोशिश की जाएगी। सीरीज में बताया जाएगा कि रामायण की कथा भारत से आगे विभिन्न देशों में किस तरह लोकप्रिय हुई और वहां की संस्कृति, परंपराओं तथा मान्यताओं में किस तरह समाहित हुई।

चार एपिसोड की इस डॉक्यूमेंट्री में कंबोडिया, श्रीलंका, थाईलैंड, फिलीपींस, इंडोनेशिया और मलेशिया जैसे देशों में रामायण से जुड़े सांस्कृतिक प्रभाव और कहानियों को दिखाया जाएगा।

7 दिसंबर से होगा प्रसारण

‘इतिहास: रामायण बियॉन्ड बॉर्डर्स’ का सह-निर्देशन सुजाता कुलश्रेष्ठ और अभिमन्यु तिवारी ने किया है। इसका निर्माण वाइड एंगल फिल्म्स ने किया है।

यह डॉक्यूमेंट्री सीरीज 7 दिसंबर 2026 को रात 9 बजे डिस्कवरी और डिस्कवरी प्लस पर प्रसारित होगी। इसके चारों एपिसोड हर सप्ताह एक-एक करके दर्शकों के सामने आएंगे। दर्शक इसे हिंदी, अंग्रेजी, तमिल, तेलुगु, बंगाली, मलयालम और कन्नड़ समेत कई भाषाओं में देख सकेंगे।

Related Articles

Back to top button