सितारों के दीदार को जौनपुर में उमड़ी भीड़, इमरान-जेनेलिया ने जिले में शूटिंग करने का किया वादा

बॉलीवुड सितारों की एक झलक पाने के लिए बृहस्पतिवार को जौनपुर के मोहम्मद हसन पीजी कॉलेज का मैदान प्रशंसकों से खचाखच भर गया। फिल्म गन मास्टर जी9 के प्रमोशन के लिए पहुंचे अभिनेता इमरान हाशमी, अभिनेत्री जेनेलिया देशमुख और सह अभिनेता पूर्व आईएएस अभिषेक सिंह का लोगों ने जोरदार स्वागत किया। इस दौरान इमरान हाशमी ने जौनपुर में फिल्म की शूटिंग कराने का वादा किया, जिसके बाद मैदान तालियों से गूंज उठा।
इमरान हाशमी ने कहा कि वह मुंबई जाकर फिल्म प्रोड्यूसर से जौनपुर में शूटिंग कराने की बात करेंगे। दोपहर बाद पूर्व आईएएस अभिषेक सिंह की अगुवाई में सितारों का काफिला शहर में दाखिल हुआ। पॉलीटेक्निक और वाजिदपुर तिराहे पर पुष्पवर्षा कर उनका स्वागत किया गया।
इसके बाद काफिला जेसीज चौराहा, ओलंदगंज, चहारसू चौराहा और कोतवाली होते हुए कार्यक्रम स्थल पहुंचा। सुबह 11 बजे से ही प्रशंसकों का जुटना शुरू हो गया था। देखते ही देखते मैदान भर गया और सड़क तक भीड़ लग गई। कई लोग छतों, दीवारों और पेड़ों पर चढ़कर कार्यक्रम देखने लगे।
सितारों के पहुंचते ही गूंजे इमरान-इमरान के नारे
सितारों के कार्यक्रम स्थल पर पहुंचते ही इमरान-इमरान के नारों से मैदान गूंज उठा। अभिनेता इमरान हाशमी ने मंच से हाथ हिलाकर लोगों का अभिवादन किया। उन्होंने कहा कि जौनपुर के लोगों का इतना प्यार और उत्साह देखकर उनका दिल खुश हो गया। यहां के लोगों का प्यार वह कभी नहीं भूलेंगे। उन्होंने जल्द दोबारा जौनपुर आने का भी वादा किया।
वहीं, अभिनेत्री जेनेलिया देशमुख ने मंच से ‘नमस्ते जौनपुर, आई लव यू’ कहकर लोगों का अभिवादन किया। उन्होंने जौनपुर के लोगों के अपनापन और उत्साह की सराहना की। सह अभिनेता अभिषेक सिंह ने युवाओं से 27 नवंबर को सिनेमाघरों में फिल्म देखने की अपील की। कलाकारों ने फिल्म के संवाद सुनाए और प्रशंसकों से बातचीत भी की। इस दौरान इमरान हाशमी ने प्रशंसकों के साथ सेल्फी ली।
फिल्म 27 नवंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।
सुबह से जुटे प्रशंसक, पानी की व्यवस्था नहीं होने से परेशानी
कार्यक्रम स्थल पर सुबह 11 बजे से ही प्रशंसकों का पहुंचना शुरू हो गया था। समय बीतने के साथ युवाओं की भीड़ बढ़ती गई। हालांकि, मैदान में पानी की व्यवस्था नहीं होने से प्रशंसकों को परेशानी उठानी पड़ी। भीड़ के बीच एक युवती गश खाकर गिर पड़ी।
अभिनेता इमरान हाशमी शाम करीब साढ़े चार बजे कार्यक्रम स्थल पर पहुंचे और लगभग आधे घंटे तक वहां रहे। अपने पसंदीदा अभिनेता को सामने देखकर युवाओं का उत्साह देखते ही बन रहा था। कई प्रशंसक मोबाइल से उनकी तस्वीरें और वीडियो बनाने में जुटे रहे, जबकि कुछ युवतियां इमरान हाशमी की तस्वीर लेकर भी कार्यक्रम में पहुंची थीं। सितारों की एक झलक पाने के लिए प्रशंसक काफी देर तक मैदान में डटे रहे।





