सलमान खान को निशाना बनाने पहुंचे थे शूटर! कड़ी सुरक्षा के चलते नहीं चला पाए गोली, सामने आया प्लान

बॉलीवुड अभिनेता टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग के मामले में जांच के दौरान नया खुलासा हुआ है। पुलिस के मुताबिक, लॉरेंस बिश्नोई गैंग के सदस्यों ने कथित तौर पर पूछताछ में बताया कि वे टाइगर श्रॉफ को निशाना बनाने से पहले अभिनेता सलमान खान के मुंबई स्थित घर के बाहर फायरिंग करने की योजना बना रहे थे। हालांकि, सलमान खान के घर के बाहर कड़ी सुरक्षा होने के कारण वे इस योजना को अंजाम नहीं दे सके। इसके बाद टाइगर श्रॉफ को निशाना बनाने की साजिश रची गई।
सलमान खान के घर की सुरक्षा बढ़ाई गई
इस खुलासे के बाद मुंबई पुलिस ने बांद्रा स्थित सलमान खान के घर गैलेक्सी अपार्टमेंट के बाहर सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी है। पुलिस की पेट्रोलिंग वैन तैनात की गई है। इमारत के अंदर और बाहर के साथ-साथ सड़क के दोनों ओर भी पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है।
सोशल मीडिया से मिली टाइगर की गतिविधियों की जानकारी
पुलिस सूत्रों के अनुसार, आरोपियों को सोशल मीडिया पर टाइगर श्रॉफ के प्रशंसकों की पोस्ट के जरिए पता चला था कि अभिनेता हर रविवार जुहू के पुष्पा नरसी ग्राउंड में फुटबॉल खेलने जाते हैं। बताया जा रहा है कि वहां उनके साथ पुलिस सुरक्षा नहीं होती थी।
पूछताछ में कथित तौर पर सामने आया कि जब शूटर्स ने गैंग के करीबी अमित पंडित को बताया कि सलमान खान को निशाना बनाना मुश्किल है, तो टाइगर श्रॉफ को निशाना बनाने की योजना बनाई गई। आरोप है कि अमित पंडित ने ही हमले का निर्देश दिया था।
इसके बाद दो शूटर पिस्तौल लेकर जुहू के फुटबॉल ग्राउंड पहुंचे और कुछ देर तक टाइगर श्रॉफ की गतिविधियों पर नजर रखी। जैसे ही अभिनेता की कार मैदान के गेट से बाहर निकली, आरोपियों ने फायरिंग शुरू कर दी।
हमले में बाल-बाल बचे टाइगर श्रॉफ
पुलिस के मुताबिक, फायरिंग की इस घटना में टाइगर श्रॉफ बाल-बाल बच गए। शुरुआती जांच में आशंका जताई गई कि हमलावर सीधे अभिनेता को निशाना बनाना चाहते थे। वारदात में कथित तौर पर तीन लोग शामिल थे। इनमें दो शूटर थे, जबकि तीसरा आरोपी भागने के लिए बाइक लेकर इंतजार कर रहा था।
रिपोर्ट्स के अनुसार, आरोपियों ने सलमान खान के घर की भी रेकी की थी। हालांकि, पुलिस अभी इस बात की जांच कर रही है कि रेकी का मकसद क्या था। आशंका है कि आरोपियों ने अपने मोबाइल फोन से तस्वीरें खींचकर गैंग के अन्य सदस्यों या हैंडलर्स को भेजी होंगी। पुलिस उनके मोबाइल फोन की जांच करेगी।
कोटा से तीन आरोपी गिरफ्तार
मुंबई पुलिस ने इस मामले में सोमवार को राजस्थान के कोटा से तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया। इनमें 18 वर्षीय फूल सिंह और रेहान अंसारी के अलावा 22 वर्षीय ऋतिक कुमार उर्फ रोशन रामू महतो शामिल हैं।
पुलिस के अनुसार, तीनों आरोपियों को ट्रांजिट रिमांड पर मुंबई लाया गया। मेडिकल जांच के बाद उन्हें अदालत में पेश किए जाने की प्रक्रिया की जानी थी। मामले में पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर साजिश की पूरी कड़ी और अन्य संभावित संलिप्त लोगों की भूमिका का पता लगाने में जुटी है।
नोट: सलमान खान को निशाना बनाने की कथित योजना और हमले से जुड़े अन्य विवरण पुलिस जांच व आरोपियों से पूछताछ के आधार पर सामने आए हैं। मामले में जांच जारी है।





