विवादों के बीच घूसखोर पंडित का नया नाम आया सामने, जानें कब रिलीज होगी मनोज बाजपेयी की फिल्म

बॉलीवुड अभिनेता मनोज बाजपेयी की आगामी फिल्म ‘घूसखोर पंडित’ का नाम बदलकर ‘गजब रात’ कर दिया गया है। मेकर्स ने 15 अक्टूबर को फिल्म का ट्रेलर जारी करने के साथ इसकी रिलीज डेट का भी एलान कर दिया है। यह सस्पेंस थ्रिलर फिल्म 23 अक्टूबर को ओटीटी प्लेटफॉर्म नेटफ्लिक्स पर रिलीज होगी।
विवाद के बाद बदला गया फिल्म का नाम
फिल्म के पुराने नाम को लेकर विवाद हुआ था। कुछ लोगों ने आपत्ति जताई थी कि ‘घूसखोर पंडित’ नाम से ब्राह्मण समुदाय की भावनाएं आहत हो सकती हैं। इस मामले में दिल्ली हाईकोर्ट में याचिका भी दायर की गई थी।
सुनवाई के दौरान नेटफ्लिक्स ने अदालत को बताया था कि आपत्तियों को देखते हुए फिल्म के निर्माताओं ने इसका नाम बदलने का फैसला किया है। इसके बाद याचिकाकर्ता ने कहा कि उनकी शिकायत दूर हो गई है। इसके साथ ही फिल्म की रिलीज पर रोक लगाने की मांग वाली याचिका का निपटारा कर दिया गया।
एक रात की घटनाओं पर आधारित है कहानी
‘गजब रात’ की कहानी एक ऐसे पुलिस अधिकारी के इर्द-गिर्द घूमती है, जो अपने निजी फायदे और सही काम करने के बीच उलझ जाता है। फिल्म में दिखाया जाएगा कि एक रात के दौरान लिया गया फैसला किस तरह कई घटनाओं को जन्म देता है और किरदारों को मुश्किल परिस्थितियों का सामना करना पड़ता है। कहानी में किरदारों के फैसलों और उनके परिणामों को भी प्रमुखता से दिखाया जाएगा।
करीब एक दशक बाद साथ आए मनोज बाजपेयी और नीरज पांडे
इस फिल्म के जरिए अभिनेता मनोज बाजपेयी और फिल्ममेकर नीरज पांडे करीब एक दशक बाद फिर साथ आए हैं। फिल्म का निर्माण नीरज पांडे की कंपनी फ्राइडे फिल्मवर्क्स ने किया है, जबकि रितेश शाह ने इसका निर्देशन किया है। इस फिल्म के साथ रितेश शाह निर्देशन के क्षेत्र में कदम रख रहे हैं।
फिल्म में मनोज बाजपेयी के अलावा साकिब सलीम, अक्षय ओबेरॉय, दिव्या दत्ता, कीकू शारदा और नुसरत भरूचा भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे।
रिलीज डेट: ‘गजब रात’ 23 अक्टूबर को नेटफ्लिक्स पर रिलीज होगी।





