चीनी के दाम बढ़ने के बीच सीएम की जनता से अपील, अफवाहों से बचें; बाजार में नहीं होगी कमी

उत्तर प्रदेश में चीनी की कीमतों में एक बार फिर बढ़ोतरी के बीच मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इसकी उपलब्धता को लेकर अधिकारियों से जानकारी ली है। मुख्यमंत्री के निर्देश पर चीनी उद्योग एवं गन्ना विकास विभाग ने स्पष्ट किया है कि प्रदेश में चीनी का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है। सरकार ने लोगों से अपील की है कि वे चीनी की कमी को लेकर फैलने वाली अफवाहों पर ध्यान न दें। अधिकारियों के मुताबिक, त्योहारों के दौरान भी प्रदेश में चीनी की पर्याप्त उपलब्धता बनी रहेगी।
प्रदेश में 70.64 लाख क्विंटल चीनी का स्टॉक
विभाग की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार, प्रदेश के गोदामों में वर्तमान में कुल 70.64 लाख क्विंटल चीनी उपलब्ध है। इसमें सहकारी चीनी मिलों के पास 13.40 लाख क्विंटल और निगम की चीनी मिलों के पास 2.93 लाख क्विंटल चीनी का स्टॉक है। वहीं, निजी क्षेत्र की चीनी मिलों के पास 54.3 लाख क्विंटल से अधिक चीनी उपलब्ध है।
सरकार का कहना है कि मौजूदा स्टॉक प्रदेश में चीनी की मांग को पूरा करने के लिए उपलब्ध है। ऐसे में उपभोक्ताओं को घबराने या जरूरत से ज्यादा चीनी खरीदने की आवश्यकता नहीं है।
अक्टूबर के अंतिम सप्ताह से शुरू होगा चीनी मिलों का संचालन
चीनी उद्योग एवं गन्ना विकास विभाग के मुताबिक, प्रदेश में चीनी मिलों का संचालन अक्टूबर के अंतिम सप्ताह से शुरू होने की संभावना है। इसके बाद नए पेराई सत्र 2026-27 के तहत चीनी का उत्पादन शुरू होगा। नई चीनी नवंबर में उपभोक्ताओं के लिए उपलब्ध होने लगेगी। इससे बाजार में आपूर्ति बनाए रखने में मदद मिलेगी।
चीनी की कीमतों पर रखी जाएगी नजर
इससे पहले केंद्र सरकार के खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण विभाग के सचिव ने भी चीनी की कीमतों को नियंत्रित रखने और देशभर में इसकी सुचारु उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए समीक्षा की थी। इसके बाद बुधवार को उत्तर प्रदेश के गन्ना आयुक्त ने क्षेत्रीय अधिकारियों के साथ बैठक कर आवश्यक निर्देश दिए।
अधिकारियों को चीनी के स्टॉक का भौतिक सत्यापन करने, कीमतों पर लगातार नजर रखने और उपलब्धता की नियमित समीक्षा करने के निर्देश दिए गए हैं। जरूरत पड़ने पर नियमानुसार कार्रवाई भी सुनिश्चित करने को कहा गया है।
त्योहारों पर आपूर्ति बनाए रखने की तैयारी
त्योहारों के दौरान चीनी की मांग बढ़ने की संभावना को देखते हुए सरकार ने इसकी उपलब्धता सुनिश्चित करने पर जोर दिया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों को स्थिति पर नजर रखने के निर्देश दिए हैं। विभाग के अनुसार, प्रदेश में पर्याप्त स्टॉक मौजूद है और नए पेराई सत्र के शुरू होने से आपूर्ति को और मजबूती मिलने की उम्मीद है।
सरकार ने प्रदेशवासियों से अपील की है कि वे चीनी की कमी को लेकर किसी भी तरह की अफवाह पर भरोसा न करें।





