सीजेपी संस्थापक अभिजीत दिपके की लोगों से अपील, सेंट्रल पार्क में तिरंगा फहराकर देश के प्रति सम्मान जताएं

दिल्ली में तिरंगा फहराने को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है। कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के संस्थापक अभिजीत दिपके ने लोगों से 16 अक्टूबर को कनॉट प्लेस स्थित सेंट्रल पार्क पहुंचकर राष्ट्रीय ध्वज फहराने की अपील की है। उन्होंने देशभक्त नागरिकों से इस कार्यक्रम में शामिल होने का आह्वान किया है।
अभिजीत दिपके ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक वीडियो जारी कर कहा कि तिरंगे से प्रेम करने वाले सभी लोग शुक्रवार, 16 अक्टूबर को शाम 5 बजे सेंट्रल पार्क पहुंचें। उन्होंने कहा कि इस कार्यक्रम के जरिए यह संदेश दिया जाएगा कि राष्ट्रीय ध्वज फहराना अपराध नहीं है।
सीजेपी नेताओं की गिरफ्तारी के बाद आया आह्वान
यह अपील ऐसे समय में आई है, जब सीजेपी के कार्यकर्ताओं द्वारा जंतर-मंतर पर तिरंगा फहराने की घटना के बाद दिल्ली पुलिस ने पार्टी के तीन नेताओं आशुतोष रांका, सौरव दास और अजिंक्य शिंदे को हिरासत में लिया था। पुलिस के अनुसार, मामले में सार्वजनिक शांति भंग करने और कानून का उल्लंघन करने के आरोपों के तहत कार्रवाई की गई।
पुलिस ने तीनों को विशेष कार्यकारी मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश किया था। इसके बाद आशुतोष रांका और सौरव दास को पांच दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया, जबकि अजिंक्य शिंदे को बॉन्ड भरने के बाद रिहा कर दिया गया।
पुलिस ने दर्ज कीं दो एफआईआर
दिल्ली पुलिस के मुताबिक, इस मामले में कनॉट प्लेस और पार्लियामेंट स्ट्रीट थानों में दो एफआईआर दर्ज की गई हैं। पुलिस ने आरोप लगाया है कि संबंधित कार्यकर्ताओं ने सार्वजनिक शांति भंग करने और सोशल मीडिया के जरिए दूसरों को कथित तौर पर ऐसी गतिविधियों में शामिल होने के लिए उकसाने की कोशिश की।
वहीं, सीजेपी की ओर से तिरंगा फहराने के कार्यक्रम को लेकर लोगों से जुड़ने की अपील की गई है। 16 अक्टूबर को सेंट्रल पार्क में प्रस्तावित कार्यक्रम के जरिए पार्टी राष्ट्रीय ध्वज फहराने के अधिकार और अपने कार्यकर्ताओं के खिलाफ हुई कार्रवाई का मुद्दा उठाना चाहती है।





