मेस के खाने की जांच में बड़ा खुलासा, दून विश्वविद्यालय में नौ नमूने फेल; संचालक को नोटिस

दून विश्वविद्यालय की मेस में खाने को लेकर शिकायतों के बाद खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने मंगलवार को छापेमारी की। टीम ने विश्वविद्यालय की अलकनंदा कैंटीन, गेस्ट हाउस कैंटीन समेत अन्य स्थानों से खाद्य पदार्थों के 54 नमूने लिए। मौके पर हुई जांच में 9 नमूने फेल पाए गए। इसके बाद मेस संचालक को नोटिस जारी कर जवाब मांगा गया है।
खाने में मिले थे कीड़े और नट-बोल्ट
सोमवार को अलकनंदा कैंटीन के खाने में कीड़े मिलने की शिकायत सामने आई थी। छात्रों ने सब्जी में लोहे के नट-बोल्ट मिलने का भी आरोप लगाया। इससे नाराज छात्रों ने कैंपस में प्रदर्शन किया और देर रात विश्वविद्यालय की कुलपति के आवास का घेराव किया।
करीब तीन घंटे तक चले प्रदर्शन के बाद कुलपति ने छात्रों को कार्रवाई का आश्वासन दिया, जिसके बाद छात्र शांत हुए।
कैंटीन में मिलीं कई कमियां
खाद्य विभाग की जांच में खाना बनाने वाली जगह पर कई खामियां भी मिलीं। अधिकारियों के अनुसार, रसोई की खिड़कियों पर जाली नहीं लगी थी, जिससे कीड़े अंदर आने की आशंका रहती है। विभाग ने मेस संचालक को पहले भी नोटिस देकर व्यवस्था सुधारने के निर्देश दिए थे।
विश्वविद्यालय प्रबंधन ने कैंटीन का संचालन बदलने की बात कही है। इसके लिए जल्द नया टेंडर जारी कर दूसरी कंपनी को जिम्मेदारी देने की तैयारी है।
अन्य दुकानों से भी 104 नमूने लिए
खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की टीम ने देहरादून के नंदा की चौकी, सुद्धोवाला, हरबर्टपुर और धर्मावाला क्षेत्र में भी खाद्य प्रतिष्ठानों पर कार्रवाई की। यहां से 104 नमूने लिए गए, जिनमें 23 नमूने जांच में फेल पाए गए। संबंधित कारोबारियों को नोटिस जारी किए गए हैं।
खाद्य सुरक्षा विभाग के सहायक आयुक्त मनीष सयाना ने बताया कि दून विश्वविद्यालय की मेस से लिए गए नौ नमूने जांच में गड़बड़ पाए गए हैं। संबंधित संचालक को नोटिस देकर जवाब मांगा गया है।





