दिल्ली में फैक्टरी में लगी आग से मची अफरातफरी, बचने के लिए लोगों ने लगाई छलांग; 6 घायल

दिल्ली के स्वरूप नगर की गली नंबर-2 में रविवार को जूडो ड्रेस और बॉक्सिंग ग्लव्स बनाने वाली एक फैक्टरी में आग लग गई। आग इमारत के भूतल और पहली मंजिल तक फैल गई, जिसके बाद आसपास के इलाके में अफरातफरी मच गई।
आग की लपटें और धुआं देखकर सामने की इमारत में रहने वाले लोग घबरा गए। खुद को बचाने की कोशिश में कुछ लोगों ने अपने घरों से नीचे छलांग लगा दी। इस दौरान छह लोग घायल हो गए। घायलों में महिलाएं और बच्चे भी शामिल हैं। सभी को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत खतरे से बाहर बताई गई है।
फैक्टरी के अंदर कोई घायल नहीं
पुलिस के अनुसार, फैक्टरी के अंदर आग की चपेट में आने से किसी व्यक्ति के घायल होने की सूचना नहीं है। हादसे में घायल हुए लोगों की पहचान प्रियंका (28), वंशिका (8), वाणी (5), संतोष (33), तन्वी (8) और विजय के रूप में हुई है।
दमकल ने पाया आग पर काबू
घटना की सूचना मिलते ही दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का अभियान शुरू किया। फैक्टरी की दो मंजिलों पर लगी आग पर काबू पा लिया गया है। आग लगने के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है और मामले की जांच की जा रही है।





