भारत का गोलों का तूफान, पाकिस्तान के खिलाफ 19-0 की बड़ी जीत; सेमीफाइनल में पहुंची टीम इंडिया

भारतीय महिला जूनियर हॉकी टीम ने महिला जूनियर एशिया कप 2026 के क्वार्टर फाइनल में पाकिस्तान को 19-0 से करारी शिकस्त देकर सेमीफाइनल में जगह बना ली। गत चैंपियन भारत ने पूरे मुकाबले में दबदबा बनाए रखा और पाकिस्तान को एक भी गोल करने का मौका नहीं दिया।

पहले हाफ में ही 10 गोल

भारत ने मैच की शुरुआत से ही आक्रामक खेल दिखाया। सातवें मिनट में पूजा साहू ने भारत का खाता खोला। इसके बाद रोशनी ऐंद, तनुश्री दिनेश कडू, सुखवीर कौर और सानिका चंद्रकांत माने ने लगातार गोल दागे।

भारत की गोल करने की रफ्तार नहीं थमी। मधु सिदार, गीता यादव, सानिका माने, तनुजा टोप्पो, पूजा मलिक और पूर्णिमा यादव के गोल की बदौलत टीम ने पहले हाफ तक 10-0 की बढ़त बना ली।

दूसरे हाफ में भी जारी रही गोलों की बारिश

दूसरे हाफ में भी भारतीय खिलाड़ियों ने पाकिस्तान को वापसी का कोई मौका नहीं दिया। मधु सिदार ने अपना दूसरा गोल किया, जबकि सुप्रिया ने दो गोल दागे। पूजा मलिक ने 49वें और 51वें मिनट में गोल करके अपनी हैट्रिक पूरी की।

इसके अलावा कृष्णा शर्मा और बिनीमा धन ने भी गोल किए। मुकाबले के आखिरी मिनट में रोशनी ऐंद ने अपना दूसरा गोल दागकर भारत का स्कोर 19 तक पहुंचा दिया।

13 भारतीय खिलाड़ियों ने किए गोल

पाकिस्तान के खिलाफ भारत की ओर से कुल 13 खिलाड़ियों ने गोल किए। पूजा मलिक तीन गोल के साथ सबसे सफल रहीं। रोशनी ऐंद, सानिका चंद्रकांत माने, मधु सिदार और सुप्रिया ने दो-दो गोल किए।

लगातार तीसरा खिताब जीतने पर नजर

भारत ने क्वार्टर फाइनल से पहले ग्रुप चरण में भी शानदार प्रदर्शन किया था। टीम ने दक्षिण कोरिया को 4-1, मलेशिया को 11-1 और जापान को 7-0 से हराया था, जबकि चीन के खिलाफ मुकाबला गोलरहित ड्रॉ रहा था। इस प्रदर्शन के साथ भारत ने एलीट पूल में शीर्ष स्थान हासिल किया।

भारत अब सेमीफाइनल में दक्षिण कोरिया और मलेशिया के बीच होने वाले क्वार्टर फाइनल के विजेता से भिड़ेगा। भारतीय टीम की नजर लगातार तीसरी बार महिला जूनियर एशिया कप का खिताब जीतने पर है। भारत ने इससे पहले 2023 और 2024 में यह ट्रॉफी अपने नाम की थी।

Related Articles

Back to top button