50 लाख श्रद्धालुओं ने किए चारधाम के दर्शन: बीकेटीसी अध्यक्ष बोले- यात्रियों की सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता

चारधाम यात्रा का पहला चरण पूरा होने जा रहा है। अब तक करीब 50 लाख श्रद्धालु चारधाम के दर्शन कर चुके हैं। 15 सितंबर से यात्रा का दूसरा चरण शुरू होगा। बीकेटीसी अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी ने कहा कि श्रद्धालुओं को सुगम और व्यवस्थित दर्शन कराना सरकार व मंदिर समिति की पहली प्राथमिकता है।
मानसून के दौरान भी यात्रा सुचारु रूप से चलती रही। दूसरे चरण में श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ने की संभावना को देखते हुए बदरीनाथ और केदारनाथ धाम में व्यवस्थाएं दुरुस्त की जा रही हैं। बीकेटीसी अध्यक्ष ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के साथ यात्रा की तैयारियों को लेकर चर्चा भी की है।
VIP संस्कृति खत्म करने पर जोर
बीकेटीसी अध्यक्ष के अनुसार, केदारनाथ और बदरीनाथ में लगातार बढ़ रही भीड़ को देखते हुए दर्शन व्यवस्था को बेहतर बनाने पर जोर है। मंदिर समिति ने VIP संस्कृति खत्म करने की दिशा में कदम उठाया है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भी केदारनाथ धाम के कपाट खुलने पर आम श्रद्धालुओं की तरह दर्शन किए थे।
भीड़ को नियंत्रित करने और दर्शन में सुविधा देने के लिए मंदिरों में सुबह और शाम होने वाली पूजाओं के समय में भी बदलाव किया गया है।
मंदिरों की सुरक्षा भी मजबूत होगी
बीकेटीसी के अधीन बदरीनाथ और केदारनाथ समेत 45 मंदिर आते हैं। धामों के संवेदनशील स्थानों पर सुरक्षा और निगरानी के लिए रोडमैप तैयार किया गया है। इसके तहत एआई आधारित आधुनिक प्रणालियों को अपनाने की तैयारी है।
तीर्थपुरोहितों और हकहकूकधारियों के लिए पहली बार कल्याण कोष भी बनाया गया है। आपात स्थिति में इस कोष से उन्हें आर्थिक सहायता दी जाएगी। कर्मचारियों के लिए भी अलग कोष बनाने पर विचार किया जा रहा है।
दूसरे चरण में श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए प्रशासन का लक्ष्य यात्रा को सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित बनाए रखना है।





