हरितालिका तीज को लेकर बड़ा एलान: देहरादून में सीएम धामी ने किया उत्सव का शुभारंभ, सरकारी स्तर पर होगा आयोजन

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को देहरादून के जसवंत सिंह ग्राउंड में आयोजित गोरखाली महिला हरितालिका तीज उत्सव में शिरकत की। इस दौरान उन्होंने गोरखाली समाज की माताओं और बहनों को हरितालिका तीज की शुभकामनाएं दीं और प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की।

मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि हरितालिका तीज उत्सव का आयोजन अब सरकारी स्तर पर और अधिक भव्य रूप से किया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह पर्व माता पार्वती की तपस्या, विश्वास, समर्पण और शक्ति का प्रतीक है। तीज जैसे पारंपरिक पर्व नई पीढ़ी को अपनी संस्कृति और जड़ों से जोड़ने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं।

गोरखाली समाज के योगदान को सराहा

सीएम धामी ने कहा कि गोरखाली समाज अपनी वीरता, निष्ठा, परिश्रम और राष्ट्रभक्ति के लिए जाना जाता है। देश की सीमाओं की रक्षा में गोरखा वीरों ने हमेशा अदम्य साहस और शौर्य का परिचय दिया है। शिक्षा, खेल, कला-साहित्य और समाज सेवा समेत विभिन्न क्षेत्रों में समाज के लोगों ने प्रदेश की प्रगति में महत्वपूर्ण योगदान दिया है।

उन्होंने कहा कि गोरखाली समाज की माताएं और बहनें संस्कृति, परंपराओं और संस्कारों की प्रमुख संरक्षक हैं। उनके प्रयासों से भाषा, लोक परंपराएं और सांस्कृतिक विरासत एक पीढ़ी से दूसरी पीढ़ी तक पहुंच रही है।

शहीद द्वार का किया शिलान्यास

मुख्यमंत्री ने बताया कि रविवार को मसूरी विधानसभा क्षेत्र में अमर शहीद कप्तान दल बहादुर थापा की स्मृति में बनने वाले ‘आजाद हिंद फौज शहीद द्वार’ का शिलान्यास भी किया गया। उन्होंने कहा कि यह शहीद द्वार गोरखा समाज के शौर्य, त्याग और राष्ट्रभक्ति का प्रतीक बनेगा और आने वाली पीढ़ियों को उनके बलिदान से परिचित कराएगा।

भारत-नेपाल के रिश्तों का किया उल्लेख

भारत-नेपाल संबंधों पर सीएम धामी ने कहा कि दोनों देशों के बीच केवल पड़ोसी का रिश्ता नहीं है, बल्कि सदियों पुराने सांस्कृतिक और पारिवारिक संबंध हैं। उन्होंने नेपाल में आई प्राकृतिक आपदा पर संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि संकट की इस घड़ी में भारत नेपाल के साथ खड़ा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में तीन लाख से अधिक महिलाएं ‘लखपति दीदी’ बनकर आत्मनिर्भर हुई हैं। इससे उनके परिवार के साथ-साथ प्रदेश की अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिल रही है। राज्य सरकार मातृशक्ति के सशक्तीकरण और उनके कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है।

Related Articles

Back to top button