मिर्जापुर में बोल्ड सीन देते वक्त क्या महसूस करती थीं रसिका दुग्गल? ‘बीना भाभी’ ने किया बड़ा खुलासा

मिर्जापुर’ में ‘बीना भाभी’ के किरदार से मशहूर हुईं रसिका दुग्गल अब फिल्म ‘मिर्जापुर द मूवी’ में भी नजर आ रही हैं। फिल्म में उनके कुछ बोल्ड और इंटीमेट सीन हैं। अभिनेत्री ने बताया कि ऐसे सीन की शूटिंग के दौरान इंटीमेसी कोऑर्डिनेटर ने उन्हें काफी सहज महसूस कराया।

‘मिर्जापुर’ के बोल्ड सीन्स पर बोलीं रसिका दुग्गल

वेब सीरीज ‘मिर्जापुर’ में ‘बीना भाभी’ का किरदार निभाकर रसिका दुग्गल ने दर्शकों के बीच खास पहचान बनाई। अब इस कहानी को फिल्म के रूप में बड़े पर्दे पर पेश किया गया है। ‘मिर्जापुर द मूवी’ में भी रसिका अपने चर्चित किरदार में नजर आ रही हैं। सीरीज की तरह फिल्म में भी उनके किरदार के कुछ इंटीमेट सीन्स हैं।

अभिनेत्री ने बताया कि इंटीमेट सीन शूट करने के दौरान इंटीमेसी कोऑर्डिनेटर की भूमिका काफी अहम रही। उनके मुताबिक, इससे कलाकारों को ऐसे दृश्यों को शूट करते समय अधिक सुरक्षित और सहज माहौल मिलता है।

क्या करते हैं इंटीमेसी कोऑर्डिनेटर?

रसिका दुग्गल ने बताया कि इंटीमेसी कोऑर्डिनेटर यह सुनिश्चित करते हैं कि इंटीमेट सीन की शूटिंग के दौरान किसी के साथ जबर्दस्ती न हो और सभी की चिंताओं का ध्यान रखा जाए।

उन्होंने इसकी तुलना डांस सीक्वेंस के कोरियोग्राफर और एक्शन सीन के फाइट मास्टर से की। उनके मुताबिक, इंटीमेसी सीक्वेंस के लिए भी पहले वर्कशॉप की जाती है, जिसमें यह तय किया जाता है कि अभिनेता, को-एक्टर और निर्देशक के लिए क्या सहज है और क्या नहीं।

रसिका ने कहा कि अगर किसी कलाकार को किसी चीज से असहजता होती है तो उस प्रभाव को हासिल करने के लिए दूसरा तरीका तलाशा जाता है, ताकि किसी को असहज महसूस न हो। उन्होंने इंटीमेसी कोऑर्डिनेटर की मौजूदगी को अच्छी बात बताया।

पहले सीजन में नहीं था इंटीमेसी कोऑर्डिनेटर का कॉन्सेप्ट

रसिका दुग्गल ने बताया कि जब ‘मिर्जापुर’ के पहले सीजन की शूटिंग हुई थी, तब भारत में इंटीमेसी कोऑर्डिनेटर का कॉन्सेप्ट आम नहीं था। हालांकि, उन्होंने कहा कि उस समय भी उनकी यूनिट और निर्देशक काफी संवेदनशील थे।

अभिनेत्री के मुताबिक, उन्हें पहले से पता होता था कि कौन से शॉट्स करने हैं और उन्हें किस तरह फिल्माया जाएगा। निर्देशक ने शूटिंग से पहले उनसे इस बारे में बात की थी, ताकि अगर उन्हें किसी चीज से परेशानी हो तो वह मना कर सकें।

इरफान खान के साथ काम का अनुभव भी किया साझा

रसिका दुग्गल ने फिल्म ‘किस्सा’ में दिवंगत अभिनेता इरफान खान के साथ काम करने का अनुभव भी साझा किया। उन्होंने इरफान को बेहद प्रतिभाशाली कलाकार बताते हुए कहा कि उनसे उन्होंने एक अच्छा को-एक्टर बनने की कला सीखी।

रसिका के अनुसार, इरफान अपने सह-कलाकारों का सम्मान करते थे। उन्होंने बताया कि कम अनुभव होने के बावजूद इरफान ने सेट पर उनकी मौजूदगी और योगदान को सम्मान दिया, जिससे उनका आत्मविश्वास बढ़ा और उन्हें अपनी परफॉर्मेंस बेहतर करने की प्रेरणा मिली।

Related Articles

Back to top button