मुंबई में दही हांडी की धूम: रितेश-जेनेलिया से गोविंदा तक, अलग-अलग आयोजनों में नजर आए बॉलीवुड सितारे

श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के मौके पर मुंबई में जगह-जगह दही हांडी उत्सव का आयोजन हुआ। गोविंदाओं की टोलियों ने मटकी फोड़ने के लिए जोर-आजमाइश की तो उनका उत्साह बढ़ाने के लिए कई बॉलीवुड सितारे भी अलग-अलग कार्यक्रमों में पहुंचे। गोविंदा, संजय दत्त, रितेश देशमुख, जेनेलिया देशमुख, सुनील शेट्टी, रणदीप हुड्डा और वीर पहाड़िया समेत कई कलाकार उत्सव में नजर आए।
दही हांडी उत्सव में गोविंदा ने की शिरकत
अभिनेता गोविंदा हर साल दही हांडी उत्सव में शामिल होते हैं और मंच पर अपनी मौजूदगी से लोगों का उत्साह बढ़ाते हैं। इस साल भी वह दही हांडी कार्यक्रम में पहुंचे।
इस दौरान गोविंदा महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के साथ मंच पर नजर आए। अभिनेता ने कार्यक्रम में मौजूद लोगों का अभिवादन किया।
संजय दत्त ने लगाए ठुमके
संजय दत्त भी दही हांडी उत्सव में शामिल हुए। सामने आए वीडियो में वह मंच पर पहुंचकर ‘हर हर महादेव’ का जयकारा लगाते नजर आए।
फैंस की मांग पर अभिनेता ने डांस भी किया, जिससे कार्यक्रम में मौजूद लोगों का उत्साह और बढ़ गया।
रितेश और जेनेलिया ने फोड़ी मटकी
अभिनेता रितेश देशमुख और उनकी पत्नी एवं अभिनेत्री जेनेलिया देशमुख भी दही हांडी समारोह में पहुंचे। दोनों ने उत्सव के दौरान मटकी फोड़ी और कार्यक्रम में हिस्सा लिया।
सुनील शेट्टी ने बताया त्योहारों को देश की खूबसूरती
ठाणे में आयोजित दही हांडी उत्सव में अभिनेता सुनील शेट्टी भी शामिल हुए। वह महाराष्ट्र के मंत्री प्रताप सरनाइक की ओर से वर्तक नगर में आयोजित ‘संस्कृति युवा प्रतिष्ठान दही-हांडी’ कार्यक्रम में पहुंचे।
उन्होंने मंच से गोविंदाओं का उत्साह बढ़ाया। मीडिया से बातचीत में सुनील शेट्टी ने कहा कि ठाणे में त्योहार मनाने का अलग ही उत्साह है। उन्होंने दही हांडी, गणपति उत्सव और होली जैसे त्योहारों को देश की खूबसूरती बताया।
सुनील शेट्टी ने दही हांडी को एकजुट होकर आगे बढ़ने का प्रतीक बताते हुए कहा कि ऊंचाई तक पहुंचने के लिए नींव मजबूत होना जरूरी है और इसमें दोस्तों व परिवार का साथ अहम भूमिका निभाता है।
रणदीप हुड्डा ने दी जन्माष्टमी की शुभकामनाएं
अभिनेता रणदीप हुड्डा भी दही हांडी उत्सव में पहुंचे। उन्होंने जन्माष्टमी और दही हांडी के महत्व पर बात की।
रणदीप ने कहा कि गोविंदाओं की टोलियां लंबे समय तक इस आयोजन की तैयारी करती हैं। उनके मुताबिक, इससे आपसी एकता की भावना बढ़ती है। उन्होंने गोविंदाओं के प्रयास को जोखिम भरा बताते हुए उत्सव में शामिल होने पर खुशी जताई।
वीर पहाड़िया भी उत्सव में आए नजर
अभिनेता वीर पहाड़िया ने भी ‘संस्कृति युवा प्रतिष्ठान दही हांडी’ उत्सव में हिस्सा लिया। वह कार्यक्रम के दौरान व्हाइट कलर के आउटफिट में नजर आए।
पहली बार दही हांडी उत्सव में पहुंचे रजत बेदी
अभिनेता रजत बेदी भी दही हांडी समारोह में शामिल हुए। उन्होंने बताया कि वह पहली बार इस तरह के दही हांडी जश्न का हिस्सा बने हैं और इसे लेकर काफी खुश हैं।
उन्होंने यह भी संकेत दिया कि वह मंच से एक खास घोषणा कर सकते हैं, जिसे लेकर दर्शकों में उत्सुकता बढ़ गई।
मुंबई में आयोजित इन कार्यक्रमों में फिल्मी सितारों की मौजूदगी ने जन्माष्टमी के दही हांडी उत्सव की रौनक और बढ़ा दी। कलाकारों ने गोविंदाओं का उत्साह बढ़ाया और उत्सव के माहौल का हिस्सा बने।





