MP पुलिस SI भर्ती 2026: 504 वैकेंसी के लिए आवेदन का मौका, योग्यता और तारीख समेत जानें पूरी जानकारी

मध्य प्रदेश में पुलिस सब इंस्पेक्टर (SI) और सूबेदार बनने का सपना देख रहे युवाओं के लिए अच्छी खबर है। मध्य प्रदेश कर्मचारी चयन मंडल (MPESB) ने पुलिस भर्ती 2026 का नोटिफिकेशन जारी कर दिया है। इस भर्ती अभियान के तहत गृह विभाग में सूबेदार और सब इंस्पेक्टर के कुल 504 पद भरे जाएंगे।
योग्य उम्मीदवार 9 सितंबर 2026 से ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। आवेदन की अंतिम तारीख 23 सितंबर 2026 निर्धारित की गई है। उम्मीदवार 28 सितंबर 2026 तक आवेदन फॉर्म में सुधार कर सकेंगे। भर्ती परीक्षा 28 अक्तूबर 2026 को आयोजित की जाएगी।
504 पदों पर होगी भर्ती
सूबेदार: 81 पद
- SI (SAF): 69 पद
- SI (DEF): 312 पद
- SI आर्म्स (तकनीकी): 10 पद
- SI फोटो (तकनीकी): 9 पद
- SI क्यूडी (तकनीकी): 4 पद
- SI फिंगर प्रिंट (तकनीकी): 22 पद
- कुल: 504 पद
- कौन कर सकता है आवेदन?
सूबेदार, SI (SAF) और SI (DEF) पदों के लिए उम्मीदवार के पास किसी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय से स्नातक की डिग्री होनी चाहिए।
SI आर्म्स के तकनीकी पद के लिए मैकेनिकल इंजीनियरिंग में तीन वर्षीय डिप्लोमा जरूरी है। वहीं, फोटो, क्यूडी और फिंगर प्रिंट जैसे तकनीकी पदों के लिए फिजिक्स, केमिस्ट्री और मैथ्स विषयों के साथ स्नातक होना आवश्यक है।
मध्य प्रदेश के बाहर के उम्मीदवार केवल अनारक्षित (UR) ओपन कैटेगरी में आवेदन कर सकेंगे। आरक्षण और आयु सीमा में छूट का लाभ केवल मध्य प्रदेश के स्थायी निवासियों को मिलेगा।
कितनी होनी चाहिए उम्र?
उम्मीदवार की आयु की गणना 23 सितंबर 2026 के आधार पर की जाएगी। भर्ती में अलग-अलग वर्गों के लिए अधिकतम आयु सीमा 33 से 43 वर्ष तक निर्धारित की गई है। दूसरे राज्यों के अभ्यर्थियों को आयु सीमा में छूट नहीं मिलेगी।
कितना मिलेगा वेतन?
सूबेदार और सभी श्रेणियों के सब इंस्पेक्टर पदों के लिए लेवल-9 का वेतनमान निर्धारित है। वेतनमान ₹36,200 से ₹1,14,800 तक है।
कैसे होगा चयन?
उम्मीदवारों का चयन कई चरणों में किया जाएगा। सबसे पहले प्रारंभिक परीक्षा, इसके बाद मुख्य परीक्षा होगी। मुख्य परीक्षा में सफल अभ्यर्थियों को शारीरिक दक्षता परीक्षा (PET) और फिर इंटरव्यू में शामिल होना होगा। सभी चरणों में सफल उम्मीदवारों का चयन किया जाएगा।
कितना देना होगा आवेदन शुल्क?
सामान्य वर्ग के उम्मीदवारों के लिए ESB परीक्षा शुल्क ₹500 और विभागीय परीक्षा शुल्क ₹200 है। वहीं, मध्य प्रदेश के SC, ST, OBC, EWS और दिव्यांग वर्ग के उम्मीदवारों के लिए ESB परीक्षा शुल्क ₹250 और विभागीय परीक्षा शुल्क ₹100 निर्धारित है।
इसके अलावा गैर-MP ऑनलाइन कियोस्क उपयोगकर्ताओं के लिए पोर्टल शुल्क ₹60, जबकि पंजीकृत नागरिक उपयोगकर्ताओं के लिए ₹20 शुल्क है।
ऐसे करें ऑनलाइन आवेदन
- MPESB की आधिकारिक वेबसाइट पर जाएं।
- MP Police SI Recruitment 2026 की लिंक पर क्लिक करें।
- पहले रजिस्ट्रेशन करें और लॉगिन करें।
- आवेदन फॉर्म में मांगी गई जानकारी भरें।
- जरूरी दस्तावेज, फोटो और हस्ताक्षर अपलोड करें।
- अपनी श्रेणी के अनुसार आवेदन शुल्क जमा करें।
- फॉर्म सबमिट करने के बाद उसका प्रिंटआउट सुरक्षित रख लें।





