सोने की चमक पड़ी फीकी: लगातार सातवें दिन गिरा भाव, वायदा बाजार में ₹1.5 लाख के आसपास कीमत

वैश्विक बाजार में जारी उथल-पुथल और पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव के बीच सोने की कीमतों में गिरावट का सिलसिला जारी है। बुधवार को भारतीय वायदा बाजार में सोने का भाव लगातार सातवें कारोबारी सत्र में गिरा। एमसीएक्स पर सोने की कीमतें घटकर करीब ₹1.5 लाख प्रति 10 ग्राम के स्तर पर आ गईं।

एमसीएक्स पर कितना सस्ता हुआ सोना?

एमसीएक्स पर अक्तूबर डिलीवरी वाला सोना 1,559 रुपये यानी 1.03 फीसदी गिरकर ₹1,50,170 प्रति 10 ग्राम पर आ गया। इससे पहले इसका भाव ₹1,51,729 प्रति 10 ग्राम था।

वहीं, दिसंबर डिलीवरी वाले सोने का भाव ₹1,753 यानी 1.14 फीसदी गिरकर ₹1,51,540 प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ। विश्लेषकों के मुताबिक, एमसीएक्स पर सोना तीन सप्ताह से ज्यादा समय के निचले स्तर पर पहुंच गया है।

  • सोने की वायदा कीमतों पर एक नजर
  • अक्तूबर वायदा: ₹1,50,170 प्रति 10 ग्राम
  • दिसंबर वायदा: ₹1,51,540 प्रति 10 ग्राम
  • कॉमेक्स दिसंबर वायदा: 4,349.94 डॉलर प्रति औंस
  • क्रूड की तेजी से सोने पर बढ़ा दबाव

अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते सैन्य तनाव के कारण कच्चे तेल की कीमतों में तेजी आई है। इससे वैश्विक स्तर पर महंगाई और ब्याज दरें बढ़ने की आशंका मजबूत हुई है। इसी वजह से निवेशकों ने सोने में बिकवाली बढ़ाई है।

विश्लेषकों का कहना है कि तेल की बढ़ती कीमतों से महंगाई का दबाव बढ़ सकता है। ऐसे में अमेरिकी फेडरल रिजर्व समेत दूसरे केंद्रीय बैंकों के ब्याज दरों को लंबे समय तक ऊंचा रखने या बढ़ाने की आशंका है। ऊंची ब्याज दरों का असर सोने की मांग पर पड़ सकता है, क्योंकि सोने से ब्याज आय नहीं मिलती।

निवेशकों की नजर फेड के फैसले पर

अब बाजार की नजर अमेरिका के आगामी रोजगार आंकड़ों पर है। इन आंकड़ों से फेडरल रिजर्व की मौद्रिक नीति को लेकर संकेत मिल सकते हैं। निवेशक यह भी देख रहे हैं कि ईंधन की बढ़ती कीमतों से पैदा होने वाली महंगाई का असर 16 सितंबर को होने वाली एफओएमसी बैठक के फैसले पर कितना पड़ता है।

Related Articles

Back to top button