आस्था का महासंगम: 76 लाख से ज्यादा कांवड़ियों ने भरा जल, भव्य कांवड़ बनी आकर्षण का केंद्र

कांवड़ यात्रा 2026 के चौथे दिन हरिद्वार में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। रविवार को करीब 31.50 लाख शिवभक्त गंगाजल लेकर अपने-अपने गंतव्य के लिए रवाना हुए। वहीं यात्रा शुरू होने से अब तक 76.85 लाख से अधिक श्रद्धालु हरिद्वार से गंगाजल भर चुके हैं।

पुलिस के अनुसार, तड़के से देर रात तक हरकी पैड़ी और अन्य घाटों पर जल भरने का सिलसिला लगातार जारी रहा। कांवड़ पटरी मार्ग और राष्ट्रीय राजमार्गों पर भी बड़ी संख्या में शिवभक्तों की आवाजाही देखने को मिली। प्रशासन का अनुमान है कि अगले कुछ दिनों में श्रद्धालुओं की संख्या करोड़ों तक पहुंच सकती है।

एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर ने बताया कि श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को और मजबूत किया गया है। कांवड़ मार्ग, प्रमुख स्नान घाटों और संवेदनशील स्थानों पर पुलिस व अर्धसैनिक बलों की अतिरिक्त तैनाती की गई है। मेला कंट्रोल रूम से पूरे क्षेत्र की 24 घंटे निगरानी की जा रही है।

यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र 251 फीट लंबी और 11 फीट चौड़ी तिरंगा कांवड़ रही, जिसे बागपत से आए शिवभक्त लेकर निकले। इस भव्य कांवड़ के माध्यम से राष्ट्रभक्ति और नशामुक्ति का संदेश भी दिया गया।

हाल के दिनों में हुए हादसों को देखते हुए जिला प्रशासन ने श्रद्धालुओं से केवल निर्धारित घाटों पर स्नान करने और तय कांवड़ मार्गों का ही उपयोग करने की अपील की है, ताकि यात्रा सुरक्षित और व्यवस्थित बनी रहे।

Related Articles

Back to top button