राधे-राधे की गूंज से गरमाया बांकेबिहारी मंदिर परिसर, श्रद्धालुओं के हंगामे के बाद खुला पूरा मामला

वृंदावन स्थित विश्व प्रसिद्ध श्रीबांकेबिहारी मंदिर के पास रविवार को बिजली विभाग की लापरवाही से बड़ा हादसा होते-होते टल गया। मंदिर के निकट गली नंबर-3 में लगे बिजली के पैनल बॉक्स में करंट आने से एक बुजुर्ग महिला उसकी चपेट में आ गई। करंट लगते ही महिला घबराकर जोर-जोर से “राधे-राधे” पुकारने लगी, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
मौके पर मौजूद श्रद्धालुओं ने तुरंत महिला को करंट की चपेट से बाहर निकालकर प्राथमिक उपचार दिया। कुछ देर बाद महिला की हालत सामान्य हुई। घटना के बाद श्रद्धालुओं ने बिजली विभाग की लापरवाही पर नाराजगी जताते हुए हंगामा किया और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाए।
सूचना मिलते ही पुलिस और बिजली विभाग की टीम मौके पर पहुंची। जांच में पैनल बॉक्स में तकनीकी खराबी मिलने पर उसे तुरंत ठीक कराया गया। अधिकारियों ने बारिश और नमी से करंट फैलने की आशंका को देखते हुए पैनल बॉक्स को सुरक्षित तरीके से ढकने के निर्देश दिए।
बिजली विभाग के अधिकारियों ने बताया कि बांकेबिहारी मंदिर क्षेत्र में लगे सभी पैनल बॉक्स की जांच कर उन्हें सुरक्षित बनाया जाएगा, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।





