रणवीर सिंह के साथ स्क्रीन शेयर कर चुकी हैं समरीन कौर, अब अर्शदीप सिंह संग रिश्ते को लेकर सुर्खियों में

भारतीय क्रिकेटर अर्शदीप सिंह ने अभिनेत्री और मॉडल समरीन कौर के साथ अपने रिश्ते को आधिकारिक कर दिया है। अर्शदीप ने सोशल मीडिया पर समरीन के साथ तस्वीर साझा करते हुए कैप्शन में “My Person” लिखा, जिसके बाद दोनों के रिश्ते की चर्चाओं पर मुहर लग गई।
समरीन कौर का जन्म वर्ष 1999 में जम्मू-कश्मीर में हुआ था। उन्होंने पुणे के सिम्बायोसिस से बी.कॉम (ऑनर्स) और चंडीगढ़ से एमबीए की पढ़ाई की है। वर्ष 2018 में फेमिना मिस इंडिया प्रतियोगिता की स्टेट फाइनलिस्ट बनने के बाद उन्होंने मॉडलिंग और अभिनय की दुनिया में कदम रखा।
समरीन कौर कई फिल्मों में नजर आ चुकी हैं। उन्होंने रणवीर सिंह अभिनीत फिल्म ’83’ में काम किया है। इसके अलावा ‘नेल पॉलिश’, ‘सरदार जी 2’ और ‘जिंद माही’ जैसी फिल्मों का भी हिस्सा रही हैं। फिल्मों के साथ-साथ उन्होंने कई पंजाबी म्यूजिक वीडियो में भी अभिनय किया है।
सोशल मीडिया पर भी समरीन की अच्छी-खासी लोकप्रियता है। इंस्टाग्राम पर उनके 4.4 मिलियन से अधिक फॉलोअर्स हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, उनकी अनुमानित नेटवर्थ करीब 15 करोड़ रुपये बताई जाती है।





