दिल्ली के बाद अब लखनऊ में चंद्रशेखर का प्रदर्शन, प्रशासन अलर्ट, कार्यकर्ताओं को जुटने का आह्वान

आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के संस्थापक और नगीना से सांसद चंद्रशेखर आजाद शनिवार को लखनऊ में धरने पर बैठेंगे। इसके साथ ही उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों से उत्तर प्रदेश के सभी जिला मुख्यालयों पर शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर जिलाधिकारियों के माध्यम से ज्ञापन सौंपने की अपील की है।

सोशल मीडिया पर जारी संदेश में चंद्रशेखर ने स्पष्ट किया कि लखनऊ में केवल संगठन की ओर से अधिकृत पदाधिकारी और कार्यकर्ता ही शामिल हों। अन्य सभी समर्थक अपने-अपने जिलों में धरना देकर आंदोलन को सफल बनाएं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अनुशासन बनाए रखने और शांतिपूर्ण ढंग से कार्यक्रम आयोजित करने का भी आग्रह किया।

यह धरना हाल ही में दिल्ली के जंतर-मंतर पर छात्रों के प्रदर्शन के दौरान हुई पुलिस कार्रवाई के विरोध की अगली कड़ी माना जा रहा है। उस दौरान चंद्रशेखर संसद परिसर में बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा के निकट धरने पर बैठे थे, जिसकी तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर व्यापक रूप से साझा किए गए थे।

पार्टी की रणनीति लखनऊ तक सीमित न रहकर पूरे प्रदेश में एक साथ प्रदर्शन करने की है। इसके तहत जिला मुख्यालयों पर धरना और ज्ञापन के माध्यम से सरकार तक अपनी मांगें पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा। आजाद समाज पार्टी का कहना है कि आंदोलन लोकतांत्रिक अधिकारों और जनहित के मुद्दों को लेकर जारी रहेगा।

Related Articles

Back to top button