94 की उम्र में दुनिया को अलविदा कह गए प्लास जॉनसन, पिंक पैंथर की धुन से बने थे संगीत के आइकन

विश्व प्रसिद्ध जैज़ सैक्सोफोनिस्ट और प्रतिष्ठित ‘द पिंक पैंथर थीम’ को अपनी धुन से यादगार बनाने वाले प्लास जॉनसन का 94 वर्ष की आयु में निधन हो गया। उन्होंने 15 जुलाई को लॉस एंजिल्स स्थित अपने घर पर अंतिम सांस ली। उनके निधन की पुष्टि एक सप्ताह बाद उनके बच्चों एरिक जॉनसन और स्टेफनी ओलिवर ने की।
संगीत परिवार में जन्मे प्लास जॉनसन ने महज 10 वर्ष की उम्र में अपने पेशेवर संगीत करियर की शुरुआत कर दी थी। शुरुआती दौर में उन्होंने गायक के रूप में काम किया, बाद में सैक्सोफोन को अपना प्रमुख वाद्य बनाया और जैज़ संगीत की दुनिया में अलग पहचान स्थापित की।
1965 में लॉस एंजिल्स पहुंचने के बाद उनका जुड़ाव कैपिटल रिकॉर्ड्स से हुआ। उन्होंने नेट किंग कोल, फ्रैंक सिनात्रा और पैगी ली जैसे कई दिग्गज कलाकारों के साथ काम किया। हालांकि उन्हें सबसे अधिक पहचान 1963 में रिलीज हुई फिल्म ‘द पिंक पैंथर’ की थीम में दिए गए उनके यादगार सैक्सोफोन सोलो से मिली, जिसे आज भी फिल्म संगीत की सबसे प्रतिष्ठित धुनों में गिना जाता है।
प्लास जॉनसन के निधन की खबर सामने आने के बाद संगीत जगत में शोक की लहर है। हारमोनिका वादक और रिकॉर्ड निर्माता बॉब कोरिटोर सहित कई कलाकारों और प्रशंसकों ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके संगीत योगदान को याद किया।





