CJP Protest LIVE: जंतर-मंतर पर तनाव, निहंग सिखों और प्रदर्शनकारियों के बीच हाथापाई से अफरा-तफरी

दिल्ली के जंतर-मंतर पर CJP (कॉकरोच जनता पार्टी) का प्रदर्शन जारी है। गुरुवार को प्रदर्शन के दौरान निहंग सिखों और प्रदर्शनकारियों के बीच झड़प हो गई, जिसमें दोनों पक्षों के बीच जमकर धक्का-मुक्की हुई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया।

इससे पहले 20 जुलाई को संसद मार्च के दौरान हुई हिंसा को लेकर विवाद लगातार जारी है। दिल्ली पुलिस ने सोशल मीडिया पर भ्रामक सूचनाओं से बचने की अपील करते हुए स्पष्ट किया कि NSA के तहत अधिकारों का तिमाही नवीनीकरण एक नियमित प्रशासनिक प्रक्रिया है और इसका मौजूदा विरोध-प्रदर्शनों से कोई संबंध नहीं है।

वहीं, 20 जुलाई की हिंसा, तोड़फोड़ और पुलिस व पत्रकारों पर हमलों की NIA जांच की मांग वाली याचिका पर दिल्ली हाईकोर्ट शुक्रवार को सुनवाई करेगा।

प्रदर्शन के बीच ओलंपिक पदक विजेता पहलवान बजरंग पुनिया भी जंतर-मंतर पहुंचे और केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि “जो सरकार भगवान राम के नाम पर सत्ता में आई थी, वही आज भगवान राम को ही लूटकर ले गई।”

उधर, हिंसा में घायल दिल्ली पुलिस के इंस्पेक्टर नंदकिशोर ने आरोप लगाया कि भीड़ ने उन्हें घेरकर लात-घूंसों से हमला किया। वहीं, ACP विवेक भगत को सिर और शरीर पर चोटें आईं, जिनका इलाज RML अस्पताल में किया गया। बाद में उन्होंने AIIMS में आगे इलाज कराने की इच्छा जताई।

इसी बीच, 20 जुलाई की हिंसा का एक नया CCTV वीडियो भी सामने आया है। बताया जा रहा है कि यह कनॉट प्लेस के एक पेट्रोल पंप का फुटेज है, जिसमें प्रदर्शनकारी सुरक्षाकर्मियों पर पथराव करते नजर आ रहे हैं। पुलिस वीडियो की जांच कर हिंसा में शामिल लोगों की पहचान करने में जुटी है।

Related Articles

Back to top button