देहरादून में राहुल गांधी का संवेदनशील कदम, दिवंगत कार्यकर्ता अमर मेहता के घर पहुंचकर परिजनों का बढ़ाया हौसला

लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी शुक्रवार को देहरादून पहुंचे। एयरपोर्ट पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया। एयरपोर्ट से निकलने के बाद राहुल गांधी ने दिवंगत कांग्रेस कार्यकर्ता अमर मेहता के परिजनों से मुलाकात कर शोक संवेदना व्यक्त की और परिवार को हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।

अमर मेहता लंबे समय तक कांग्रेस संगठन से जुड़े रहे थे। हाल ही में ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम की तैयारियों के दौरान जर्मन हैंगर स्ट्रक्चर का एल्यूमिनियम खंभा उनके सिर पर गिर गया था। गंभीर रूप से घायल होने के बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उनका निधन हो गया। कांग्रेस ने उनके निधन को संगठन के लिए बड़ी क्षति बताया है।

राहुल गांधी इसके बाद ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम में छात्रों को संबोधित करेंगे और उनसे सीधा संवाद करेंगे। कांग्रेस के अनुसार, इस कार्यक्रम के लिए 2.5 लाख से अधिक छात्रों ने पंजीकरण कराया है। बड़ी संख्या में छात्रों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए कार्यक्रम स्थल पर विशेष इंतजाम किए गए हैं।

छात्रों की सुविधा के लिए कांग्रेस सेवादल को व्यवस्था की जिम्मेदारी सौंपी गई है। कार्यक्रम स्थल पर हेल्प डेस्क, पेयजल और अन्य जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। साथ ही, केवल पंजीकृत छात्रों को ही कार्यक्रम स्थल में प्रवेश दिया जाएगा। भीड़ प्रबंधन के लिए क्यूआर कोड आधारित सत्यापन व्यवस्था भी की गई है।

Related Articles

Back to top button