NMC का बड़ा फैसला: 2027-28 से नहीं होंगे मेडिकल डिप्लोमा कोर्स,

राष्ट्रीय चिकित्सा आयोग (NMC) ने देश में पोस्ट ग्रेजुएट मेडिकल शिक्षा को लेकर बड़ा फैसला लिया है। आयोग ने 2027-28 शैक्षणिक सत्र से सभी PG डिप्लोमा मेडिकल कोर्स बंद करने और उनकी जगह MD (डॉक्टर ऑफ मेडिसिन) तथा MS (मास्टर ऑफ सर्जरी) जैसे डिग्री कोर्स शुरू करने का निर्णय लिया है।

NMC के अनुसार, इस कदम का उद्देश्य देश की मेडिकल शिक्षा को वैश्विक मानकों के अनुरूप बनाना और विशेषज्ञ डॉक्टरों की गुणवत्ता में सुधार करना है। वर्तमान में PG डिप्लोमा कोर्स के लिए निर्धारित सीटों को MD और MS सीटों में परिवर्तित किया जाएगा, जिससे छात्रों को सीधे डिग्री कोर्स में प्रवेश का अवसर मिलेगा।

इस बदलाव को लागू करने के लिए पोस्ट ग्रेजुएट मेडिकल एजुकेशन बोर्ड (PGMEB) ने सभी मेडिकल कॉलेजों को आवश्यक निर्देश जारी कर दिए हैं। कॉलेजों को अपनी डिप्लोमा सीटों को डिग्री सीटों में बदलने के लिए मेडिकल असेसमेंट एंड रेटिंग बोर्ड (MARB) के पास आवेदन करना होगा। इस प्रक्रिया को आसान बनाने के लिए MARB जल्द ही एक विशेष ऑनलाइन पोर्टल भी शुरू करेगा।

आयोग का मानना है कि जिन संस्थानों में वर्तमान में डिप्लोमा कोर्स संचालित हो रहे हैं, वहां पर्याप्त फैकल्टी, इंफ्रास्ट्रक्चर और मरीजों की उपलब्धता पहले से मौजूद है। ऐसे में इन संसाधनों का उपयोग कर MD और MS प्रोग्राम को बढ़ावा दिया जा सकता है।

NMC का कहना है कि इस फैसले से पूरे देश में पोस्ट ग्रेजुएट मेडिकल शिक्षा का स्तर एक समान होगा, प्रशिक्षण की गुणवत्ता बेहतर होगी और भविष्य में अधिक प्रशिक्षित विशेषज्ञ डॉक्टर तैयार किए जा सकेंगे।

Related Articles

Back to top button